गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव : नगर निगमों में 50 प्रतिशत से कम मतदान
धीरज
- 26 Apr 2026, 11:44 PM
- Updated: 11:44 PM
(तस्वीरों के साथ)
अहमदाबाद, 26 अप्रैल (भाषा) गुजरात में विभिन्न स्थानीय निकायों के लिए रविवार को मतदान संपन्न हो गया, जिसमें भीषण गर्मी के बीच 15 नगर निगमों में 50 प्रतिशत से कम मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के अनुसार नगर निगमों में जहां 48.73 प्रतिशत मतदान हुआ, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान की प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
एसईसी की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वडोदरा, सूरत और अहमदाबाद में क्रमशः 47.26, 52.83 और 45.59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान शाम छह बजे समाप्त हो गया और एसईसी द्वारा साझा किये गये आंकड़ें अस्थायी है और इनमें बदलाव होने की संभावना है।
यह चुनाव अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट सहित 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों में आयोजित किए गए।
नगरपालिकाओं में औसतन 59.09 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें नवगठित वाव-थराद जिले के भाभर और थराद में सबसे अधिक 74.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। राजकोट के गोंडल में सबसे कम 48.51 प्रतिशत मतदान हुआ।
आंकड़ों के मुताबिक नवसारी और छोटा उदयपुर जिलों की नगरपालिकाओं में क्रमशः 72.56 और 72.04 प्रतिशत मतदान हुआ, जो सभी जिलों में दूसरा और तीसरा सबसे अधिक है।
जिला और तालुका पंचायतों में क्रमशः 60.9 और 62.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
नर्मदा जिले में जिला पंचायत चुनावों में 80.66 प्रतिशत और तालुका पंचायत चुनावों में 80.92 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि राजकोट, भावनगर, अमरेली और पोरबंदर जिलों में सबसे कम मतदान दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि चुनाव काफी हद तक शांतिपूर्ण रहा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद में अपने मताधिकार का प्रयोग किया जबकि उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सूरत में मतदान किया।
पुलिस के अनुसार, संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी और विशेष दस्तों की तैनाती के साथ त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
यह चुनाव अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण के संशोधित नियमों के तहत कराए गए, जिसके लिए कई जिलों में वार्डों का पुनर्गठन और परिसीमन किया गया था।
यदि आवश्यक हुआ तो पुनर्मतदान 27 अप्रैल को कराया जाएगा। मतगणना 28 अप्रैल को होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 30 अप्रैल तक पूरी होने की उम्मीद है।
भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी तथा और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन(एआईएमआईएम) के उम्मीदवार भी मैदान में थे, जिससे कई स्थानों पर बहुकोणीय मुकाबले देखने को मिले।
राज्य में नौ नवगठित नगर निगमों-नवसारी, गांधीधाम, मोरबी, वापी, आनंद, नडियाद, मेहसाणा, पोरबंदर और सुरेंद्रनगर में पहली बार चुनाव कराए गए।
भाषा
देवेंद्र धीरज
धीरज
2604 2344 अहमदाबाद