बंगाल चुनाव से हर भारतीय का हित जुड़ा है क्योंकि घुसपैठिए अन्य राज्यों में भी फैल रहे: हिमंत
नेत्रपाल
- 25 Apr 2026, 06:20 PM
- Updated: 06:20 PM
कोलकाता, 25 अप्रैल (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हर भारतीय का हित जुड़ा हुआ है क्योंकि बांग्लादेशी घुसपैठिए न केवल राज्य में जनसांख्यिकीय परिवर्तन ला रहे हैं बल्कि पड़ोसी राज्यों में भी फैल रहे हैं।
शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी असम की 126 सीट में से 100 से अधिक सीट जीतेगी और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के चुनाव में जिन 152 सीट पर मतदान हुआ है, उनमें से 110 सीट जीतेगी।
उन्होंने कोलकाता में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ''पश्चिम बंगाल में भाजपा का 200 से अधिक सीट जीतना आश्चर्यजनक नहीं होगा। पहले चरण में लगभग 93 प्रतिशत मतदान से पता चलता है कि अब भय का माहौल नहीं है, जिसने पहले लोगों को भाजपा का खुलकर समर्थन करने से रोका था।''
शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव कोई सामान्य चुनाव नहीं है, बल्कि यह पूरे देश, विशेष रूप से इसके पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राज्यों के लिए सभ्यतागत महत्व का एक मुकाबला है।
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस द्वारा भाजपा नेताओं को बाहरी करार दिए जाने संबंधी बयान का जवाब देते हुए कहा, ''इस चुनाव में हर भारतीय का हित जुड़ा है। घुसपैठ का असर सिर्फ पश्चिम बंगाल और असम तक सीमित नहीं है। यह झारखंड, बिहार और अन्य राज्यों में भी फैल रहा है।''
शर्मा ने कहा कि अगर पश्चिम बंगाल में भाजपा को सत्ता में नहीं लाया गया तो राज्य में अनियंत्रित घुसपैठ के कारण ''बांग्लादेश का विस्तार'' होने का खतरा है।
उन्होंने कहा, ''पश्चिम बंगाल के चुनाव को असम, त्रिपुरा, मेघालय और मिजोरम से अलग करके नहीं देखा जा सकता। अगर एक भी सीमा खुली रहती है तो उसका असर सभी राज्यों पर पड़ेगा।''
शर्मा ने कहा कि मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों से घुसपैठ करने वाले लोग सिर्फ पश्चिम बंगाल तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि वे इस राज्य को असम और भारत के अन्य हिस्सों तक पहुंचने के लिए एक गलियारे के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बाड़ लगाने के मुद्दे पर शर्मा ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जानबूझकर बाधा डालने का आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया, ''असम में 100 प्रतिशत बाड़ लगाई जा चुकी है और त्रिपुरा में काम प्रगति पर है, जबकि पश्चिम बंगाल एकमात्र ऐसा राज्य है जहां बाड़ नहीं लगाई जा रही है।''
शर्मा ने कहा कि उत्तर दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, दक्षिण और उत्तर 24 परगना, जलपाईगुड़ी, कूच बिहार और नदिया में पंजीकृत मतदाताओं की संख्या में जबरदस्त वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा, ''ये सभी सीमावर्ती जिले हैं। जो भी आज मुर्शिदाबाद, दिनाजपुर या मालदा जाएगा उसे लगेगा कि ये बांग्लादेश के ही विस्तार हैं।''
शर्मा ने दावा किया कि असम में मुस्लिम आबादी लगभग 40 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर घुसपैठ पर रोक नहीं लगाई गई तो अगले दो दशकों के भीतर दोनों राज्य अपना हिंदू बहुसंख्यक दर्जा खो देंगे।
उन्होंने कहा कि अगर पश्चिम बंगाल में भाजपा सत्ता में आती है तो वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पश्चिम बंगाल, असम, त्रिपुरा, मेघालय और मिजोरम के मुख्यमंत्रियों को मिलाकर एक कार्यबल गठित करने का अनुरोध करेंगे ताकि घुसपैठ से संयुक्त रूप से निपटा जा सके।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल
2504 1820 कोलकाता