उत्तम नगर झड़प मामले में पुलिस ने अदालत से कहा : पीड़ित के परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाएगी
अविनाश
- 24 Apr 2026, 09:11 PM
- Updated: 09:11 PM
नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने उच्च न्यायालय को आश्वासन दिया है कि वह उत्तम नगर इलाके में होली समारोह के दौरान हुई झड़प में मारे गये व्यक्ति के परिवार वालों को ''हर संभव सुरक्षा'' प्रदान करेगी।
झड़प में मारे गये 26 वर्षीय व्यक्ति के परिवार के सदस्यों ने कहा है कि वे इस मामले में ''प्रमुख गवाह'' हैं और आरोपियों, उनके परिवारों और सहयोगियों से उनके जीवन को गंभीर खतरा है।
याचिकाकर्ताओं ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि आरोपी उन्हें और अन्य गवाहों को मामले से पीछे हटने के लिए मजबूर करने के उद्देश्य से ''डरा-धमका रहे हैं और परेशान कर रहे हैं''।
न्यायमूर्ति गिरीश कथपालिया ने 23 अप्रैल को पारित एक आदेश में संबंधित अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त से कहा कि वह स्थानीय थाना प्रभारी (एसएचओ) को याचिकाकर्ताओं को अपना व्यक्तिगत मोबाइल फोन नंबर प्रदान करने का निर्देश दें, ताकि वे संकट के समय उनसे संपर्क कर सकें।
दिल्ली पुलिस के वकील ने कहा कि स्थानीय पुलिस पहले से ही सक्रिय है और याचिकाकर्ताओं के आवास के निकट सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा सांप्रदायिक सद्भाव सुनिश्चित करने के लिए पुलिस चौकियां भी स्थापित की गई हैं, जिनमें से एक उनके घर के ठीक सामने है।
अदालत में याचिकाकर्ताओं का प्रतिनिधित्व वरिष्ठ अधिवक्ता पी के दुबे ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि 13 अप्रैल को कुछ अज्ञात महिलाओं ने, जिनके चेहरे ढके हुए थे, पीड़ित की मां को धमकी दी।
दिल्ली पुलिस के वकील ने कहा कि स्थानीय पुलिस ने वीडियो फुटेज समेत संबंधित सामग्री पहले ही एकत्र कर ली है और एक सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रैंक के अधिकारी द्वारा इसकी जांच की जायेगी।
अदालत को यह भी बताया गया कि सोशल मीडिया मंच से 250 से अधिक भड़काऊ वीडियो और सामग्री हटा दी गई है।
अदालत ने याचिकाकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे स्थानीय एसएचओ को ऐसे किसी अन्य वीडियो या सामग्री का विस्तृत विवरण प्रदान करें ताकि वह कार्रवाई कर सकें।
दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में चार मार्च को होली समारोह के दौरान दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुए झगड़े में तरुण (26) की मौत के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने एक नाबालिग समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया है।
भाषा
देवेंद्र अविनाश
अविनाश
2404 2111 दिल्ली