कर्नाटक: रियल एस्टेट कारोबारी की हत्या के आरोप में छह लोग गिरफ्तार
नरेश
- 24 Apr 2026, 08:16 PM
- Updated: 08:16 PM
विजयपुरा, 24 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के विजयपुरा जिले में एक रियल एस्टेट कारोबारी की हत्या के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना 14 अप्रैल को अपराह्न करीब तीन बजे हुई, जब गुगादड्डी गांव के निवासी राजू बापू खरे अपनी जीप में विजयपुरा शहर की ओर जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, जब वह अलियाबाद औद्योगिक क्षेत्र के पास पहुंचे तो विपरीत दिशा से एक ट्रक तेजी से आया और उनकी जीप को टक्कर मार दी, लेकिन इसमें वह बच गए।
अधिकारियों ने कहा कि इसी दौरान, दो मोटरसाइकिलों पर आए अन्य आरोपियों ने उन्हें वाहन के भीतर घेर लिया और पत्थरों से हमला किया तथा पिस्तौल से गोलियां चलाईं, जिससे कारोबारी की आखिरकार मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर विजयपुरा ग्रामीण थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
विजयपुरा के पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबर्गी ने कहा, "इस मामले में विजयपुरा ग्रामीण पुलिस ने दो टीम गठित कीं, जिन्होंने हत्या में शामिल लोगों की पहचान करने, मकसद का पता लगाने और आरोपियों को पकड़ने का काम किया। हत्या में शामिल सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।"
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान अबुश्या कोडलेकर (36), अबश्या माने (35), वागीश (31), जलिंदर (29), अजीत (29) और मुरागु (24) के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि मुख्य आरोपी अबुश्या और कारोबारी के बीच संपत्ति विवाद के कारण उसकी हत्या की साजिश रची गई थी।
उन्होंने कहा कि जांच में पता चला कि आरोपियों ने हत्या से ठीक दो दिन पहले साजिश के तहत टिपर ट्रक खरीदा था और वे कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही उसके यात्रा मार्ग की निगरानी करते थे।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को जब पता चला कि कारोबारी संबंधित इलाके से गुजरेगा, तो उन्होंने उसके वाहन को ट्रक से टक्कर मार दी।
उन्होंने कहा कि आरोपियों ने दो मोटरसाइकिलों का भी इस्तेमाल किया। अधिकारी ने बताया कि कुल मिलाकर चार आरोपी इन्हीं वाहनों से आए, हत्या को अंजाम दिया और फरार हो गए।
अधिकारी ने कहा, ''अब तक हमने दो देसी पिस्तौल, सात मोबाइल फोन, अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, ट्रक और एक कार जब्त की है।''
उन्होंने कहा कि आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा नेत्रपाल नरेश
नरेश
2404 2016 विजयपुरा