जब तक एक भी भाजपा कार्यकर्ता जीवित है बंगाल में बाबरी मस्जिद का निर्माण नहीं होने देंगे : अमित शाह
माधव
- 24 Apr 2026, 10:26 PM
- Updated: 10:26 PM
कोलकाता, 24 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस पर पश्चिम बंगाल के अयोध्या में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर एक मस्जिद बनाने के लिए पार्टी के एक निलंबित नेता को अनुमति देने का आरोप लगाया और जोर देकर कहा कि जब तक राज्य में पार्टी का एक भी कार्यकर्ता जीवित है, भाजपा इसका निर्माण नहीं होने देगी।
एक के बाद एक चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने के बाद मवेशी तस्करी और राजनीतिक हिंसा में शामिल लोगों से इतनी सख्ती से निपटा जाएगा कि उनकी अगली तीन पीढ़ियां भी ऐसा करने की नहीं सोचेंगी।
उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए शासन, कानून व्यवस्था और रोजगार के मोर्चों पर विफलता का आरोप लगाया और कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव बंगाल को आतंकवाद, दंगों और घुसपैठियों से मुक्त करने के लिए महत्वपूर्ण है।
शाह ने हुगली जिले के उत्तरपाड़ा में कहा, "पिछले 550 वर्षों से, पहले मुगलों ने, फिर अंग्रेजों ने, कांग्रेस ने और ममता दीदी ने राम मंदिर के निर्माण का विरोध किया। और 2019 में, जब आपने मोदी को वोट देकर प्रधानमंत्री बनाया, तब जाकर मंदिर का निर्माण हुआ।"
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा और उन पर निलंबित पार्टी विधायक हुमायूं कबीर को मुर्शिदाबाद जिले में अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर एक मस्जिद का निर्माण शुरू करने की अनुमति देने का आरोप लगाया।
तृणमूल कांग्रेस से निलंबित होने के बाद कबीर ने एक नयी पार्टी, आम जनता उन्नयन पार्टी का गठन किया है, जो विधानसभा चुनावों में कई सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
शाह ने कहा, "अब ममता दीदी अपने सहयोगी हुमायूं कबीर के साथ बाबरी मस्जिद का निर्माण कराना चाहती हैं। दीदी, याद रखिए कि जब तक बंगाल में एक भी भाजपा कार्यकर्ता जीवित है, हम यहां बाबरी मस्जिद का निर्माण नहीं होने देंगे।"
उन्होंने कहा, "घुसपैठिए गरीबों की नौकरियां और राशन छीन रहे हैं। पांच मई के बाद उनकी पहचान कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।" उन्होंने राज्य में अपनी पार्टी की जीत का पूरा भरोसा जताया।
विधानसभा चुनाव के नतीजे चार मई को घोषित किए जाएंगे।
उन्होंने दावा किया कि सत्ता परिवर्तन के बाद महिलाएं रात के दो बजे भी बिना किसी डर के स्वतंत्र रूप से घूम सकेंगी। शाह ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद राज्य के सभी बंद उद्योगों को फिर से खोला जाएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
इससे पहले उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो मवेशी तस्करी और राजनीतिक हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा, "अगर मवेशी तस्कर 5 मई के बाद ऐसा कोई अपराध करने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें पूरी जिंदगी जेल में बितानी पड़ेगी। मवेशी तस्करी में शामिल लोगों को इतनी कड़ी सजा दी जाएगी कि उनकी आने वाली पीढ़ियां भी ऐसा करने की हिम्मत नहीं करेंगी।"
शाह ने कहा, "भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला करने वालों को यह नहीं सोचना चाहिए कि उन्हें बख्श दिया जाएगा। पांच मई के बाद उन सभी को जेल में डाल दिया जाएगा।"
सत्ताधारी दल को निशाना बनाते हुए उन्होंने दावा किया कि सरकार बदलने के बाद "कट मनी" और जिसे उन्होंने "भाईपो (भतीजा) टैक्स" कहा, वह समाप्त हो जाएगा। उनका इशारा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे, तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी की ओर था।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि भाजपा सत्ता में आने पर राज्य के गरीबों को पांच लाख रुपये की मुफ्त स्वास्थ्य सेवा प्रदान करेगी।
शाह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनावी लाभ के लिए घुसपैठ को बढ़ावा दिया है।
शाह ने भीड़ से कहा कि बृहस्पतिवार को बंगाल में पहले चरण के मतदान के दौरान लगभग 93 प्रतिशत की रिकॉर्ड मतदान दर तृणमूल सरकार के अंत का संकेत है।
शाह ने कहा, "मैं आपको बताता हूं कि दीदी और उनकी पार्टी का सफाया हो जाएगा। बंगाल में भाजपा अगली सरकार बनाएगी।"
उन्होंने पूछा कि क्या सुंदरबन के अंतर्गत आने वाले हिंगलगंज के लोगों को 1,000 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2020 में चक्रवात अम्फान के बाद पश्चिम बंगाल को भेजी थी।
उन्होंने कहा, "सारा पैसा तृणमूल कांग्रेस के गुंडों और गिरोहों के लोगों ने हड़प लिया है। हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद हम उनसे एक-एक पैसा वसूल कर जनता को लौटा देंगे।"
उन्होंने कहा, "सत्ता में आने के बाद, भाजपा संदेशखाली की माताओं और बहनों को प्रताड़ित करने वालों की फाइलें खोलेगी और उन्हें जेल में डालेगी।"
शाह ने तृणमूल के गुंडों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि वे 29 अप्रैल को दूसरे चरण के मतदान के दौरान घर के अंदर ही रहें।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, "अगर वे बाहर निकले तो पांच मई के बाद उन्हें सुधारात्मक कदम के तौर पर उल्टा लटका दिया जाएगा।"
शाह ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस विकास के वादे पूरे करने में विफल रही और भ्रष्टाचार में लिप्त है।
उन्होंने कहा, "ममता दीदी के भ्रष्ट नेताओं ने 26,000 युवाओं को रोजगार देने के नाम पर 200 करोड़ रुपये हड़प लिए हैं। हम उनसे यह पैसा जब्त करके जनता को देंगे।"
उन्होंने कहा, "भाजपा ने आरजी कर अस्पताल (बलात्कार-हत्या) पीड़िता की मां और संदेशखलि में अत्याचारों के खिलाफ बहादुरी से आवाज उठाने वाली महिला को टिकट दिया है। उन्हें विधानसभा भेजकर हम बंगाल में गुंडाराज को खत्म करने का अभियान शुरू करेंगे।"
शाह ने कहा कि आगामी चुनाव "बंगाल को आतंकवाद, दंगों और घुसपैठियों से मुक्त करने" के लिए महत्वपूर्ण है।
भाषा प्रशांत माधव
माधव
2404 2226 कोलकाता