आप छोड़ने वाले पार्टी सांसद 'गद्दार' : भगवंत मान
दिलीप
- 24 Apr 2026, 10:41 PM
- Updated: 10:41 PM
(तस्वीरों के साथ)
चंडीगढ़, 24 अप्रैल (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) छोड़ केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने वाले सांसदों को 'गद्दार' करार दिया।
मान ने यहां प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा, आम आदमी पार्टी को तोड़ने की कोशिश कर रही है और उसने ''पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात किया है।''
मान ने दावा किया कि 'बेअदबी' के खिलाफ सख्त कानून बनने के बाद से, भाजपा की बेचैनी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है, क्योंकि उसे पंजाब की भावनाओं से गहराई से जुड़े एक मुद्दे पर निर्णायक कार्रवाई को स्वीकार करने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में बार-बार अस्वीकृति का सामना कर चुकी भाजपा ने राज्य और आम आदमी पार्टी (आप) दोनों के प्रति शत्रुतापूर्ण रवैया अपनाया है तथा धमकी, प्रलोभन और दल-बदल के प्रयासों के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त सरकार को कमजोर करने की कोशिश की है।
गौरतलब है कि ये घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आए हैं, जब अगले साल के आरंभ में पंजाब विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
पार्टी छोड़ने वालों और ऐसा कराने वालों की निंदा करते हुए मान ने कहा कि भाजपा के राजनीतिक आधार की कमी ने उसे ऐसी रणनीति अपनाने के लिए मजबूर किया है तथा स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों और रोजगार में दिखाई देने वाले सुधारों ने उसे अस्थिर कर दिया है।
वह करीब एक सप्ताह की नीदरलैंड और फिनलैंड की यात्रा कर शुक्रवार को स्वदेश लौटे हैं। उन्होंने अपनी विदेश यात्रा के दौरान पंजाब में निवेश आकर्षित करने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि जब भाजपा को मान के खिलाफ कुछ नहीं मिला, तो उसने आप को तोड़ने की कोशिश की।
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लोग इस बात से परेशान हैं कि मान जननेता कैसे बन गया।
उन्होंने कहा, ''पंजाब के लोग मुझे दिल से प्यार करते हैं।''
उन्होंने आरोप लगाया, "वे यह बात पचा नहीं पा रहे हैं कि पंजाब 'रंगला' (जीवंत) और प्रगतिशील कैसे बन रहा है, इसलिए उन्होंने पार्टी को तोड़ने का फैसला किया है।"
उन्होंने कहा, ''(केंद्रीय मंत्री) अमित शाह को यह बात पसंद नहीं आई होगी कि भगवंत मान का कोई विकल्प नहीं है...। पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी के साथ है। मुझे कई फोन आ रहे हैं, जिनमें लोग कह रहे हैं कि वे हमारी पार्टी के साथ खड़े हैं।''
मान ने कहा कि किसी व्यक्ति से पार्टी बड़ी है, और आप छोड़ने वाले 6-7 लोग पंजाब का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वे 'गद्दार' हैं।
आम आदमी पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है, क्योंकि राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल समेत उसके सात राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी छोड़ दी।
मीडिया को संबोधित करते हुए मान ने कहा, ''मैं पहले भी यही कहता आया हूं कि भाजपा पंजाब और पंजाबियों को अपने साथ नहीं ला पा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के लोगों को जिस भी बात से खुशी होती है, भाजपा उसे बिगाड़ने की कोशिश करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को (अब निरस्त किए गए तीन) कृषि कानूनों पर यू-टर्न लेने के मजबूर होने के बाद भाजपा के मन में पंजाब के प्रति दुर्भावना पैदा हो गयी।''
भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड जैसे अन्य उदाहरणों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि भाजपा पंजाब में जीत नहीं सकती, बल्कि 'तिकड़मबाज़ी' में लिप्त है।
उन्होंने कहा, ''आज भाजपा ने हमारे कुछ राज्यसभा सदस्यों को अपने पाले में लाकर पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात किया है।''
उन्होंने कहा कि पंजाबी विश्वासघात बर्दाश्त नहीं करते हैं और वे भाजपा को सबक सिखायेंगे।
मान ने सवाल किया, "कैप्टन अमरिंदर सिंह, मनप्रीत सिंह बादल कहां हैं? क्या इन नेताओं के बारे में कोई सुनता है, जो (कांग्रेस छोड़कर) भाजपा में शामिल हुए?"
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को भी उस दिन दरकिनार कर दिया जाएगा, जब भाजपा को पता चलेगा कि राज्य में उनका कोई प्रभाव नहीं है।
भाषा राजकुमार दिलीप
दिलीप
2404 2241 चंडीगढ़