बंगाल में भाजपा को बड़ी जीत मिलेगी, तमिलनाडु में द्रमुक चुकाएगी सनातन विरोध की कीमत: नवीन
वैभव
- 23 Apr 2026, 04:00 PM
- Updated: 04:00 PM
नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि पार्टी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में "पूर्ण बहुमत" से जीत हासिल करेगी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन को समाप्त कर अपनी सरकार बनाएगी।
'न्यूज18 नेटवर्क' को दिए एक साक्षात्कार में, नवीन ने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन असम और पुडुचेरी में एक बार फिर सत्ता में आएगा।
नवीन से जब चुनावी राज्यों केरल, असम, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल तथा केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भाजपा की संभावनाओं के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "जिन पांचों राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, वहां की स्थिति अलग-अलग है। हालांकि, मेरा मानना है कि इस बार सभी राज्यों में भाजपा के लिए परिस्थितियां बेहतर हैं।"
उन्होंने कहा, "असम और पुडुचेरी में हम निश्चित रूप से दोबारा सरकार बनाएंगे। इसमें कोई संदेह नहीं है।"
नवीन ने कहा कि जहां तक शेष राज्यों की बात है, पश्चिम बंगाल तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के सभी "खेलों" को खारिज करते हुए भाजपा के पक्ष में एक "अप्रत्याशित जनादेश" लेकर आने वाला है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या भाजपा बंगाल में पहली बार सरकार बनाएगी, तो नवीन ने कहा, "बिल्कुल। राज्य की जनता के मिजाज को देखते हुए, भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।"
बंगाल में पार्टी द्वारा जीती जाने वाली सीटों की संभावित संख्या के बारे में नवीन ने कहा, "हम अभी अंतिम आंकड़े जारी नहीं कर रहे हैं। मतदान अभी जारी है, और प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ ही अधिक स्पष्टता सामने आएगी।"
उन्होंने कहा, "लेकिन मौजूदा संकेतों के आधार पर, मेरा मानना है कि हम वहां पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार का गठन करने जा रहे हैं।"
बंगाल में 152 सीटों के लिए पहले चरण का मतदान इस समय जारी है, जबकि शेष 142 सीटों के लिए दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा।
तमिलनाडु में भी बृहस्पतिवार को मतदान हो रहा है, जबकि केरल, असम और पुडुचेरी में चुनाव नौ अप्रैल को हुए थे। सभी के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत को लेकर आश्वस्त नवीन ने कहा, "सत्ताधारी द्रमुक के भ्रष्टाचार, अराजकता और सनातन विरोधी मानसिकता के खिलाफ जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है।"
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "राजग के हिस्से के रूप में, तमिलनाडु में हमारी भूमिका सहायक की है, जहां हमारी गठबंधन सहयोगी अन्नाद्रमुक चुनाव में आगे चल रही है। जमीनी स्तर पर हम जो देख रहे हैं, उससे द्रमुक के खिलाफ जनता की स्पष्ट प्रतिक्रिया दिखाई देती है।"
उन्होंने कहा, "तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के अपने अनुभव के आधार पर, मेरा मानना है कि द्रमुक को चुनावी तौर पर भारी झटका लग सकता है।"
तमिलनाडु चुनावों पर अभिनेता-राजनेता और टीवीके प्रमुख विजय के संभावित प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर, भाजपा प्रमुख ने कहा, "यह देखना बाकी है कि विजय फैक्टर वास्तव में कितना प्रभाव पैदा करता है। राजनीति में, अक्सर लोग मैदान में उतरते हैं और केवल अपने ग्लैमर के बल पर अपनी एक अलग पहचान बनाते हैं।"
नवीन ने कहा, "हालांकि, मैंने हमेशा यही कहा है कि 'मैदान' पर भी काफी समय बिताना जरूरी है। हमने अक्सर देखा है कि प्रमुख हस्तियां राजनीति में शानदार प्रवेश करती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका प्रभाव देखना होता है।"
उन्होंने आगे कहा, "हालांकि मैं मानता हूं कि यह निश्चित रूप से विजय के लिए एक शुरुआत है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि यह कोई बहुत बड़ा असर डालेगी।"
चुनाव के बाद विजय के साथ गठबंधन की संभावना पर नवीन ने कहा कि इसकी कोई जरूरत नहीं होगी।
केरल के बारे में बात करते हुए, नबीन ने कहा कि भाजपा दक्षिणी राज्य में प्रगति कर रही है, जहां उसने अपनी उपस्थिति दर्ज की है और पिछले चुनावों में उसका मत प्रतिशत 1.5 से बढ़कर 20 प्रतिशत हो गया।
भाषा
प्रशांत वैभव
वैभव
2304 1600 दिल्ली