पहलगाम हमले के पीड़ित आदिल शाह के परिवार को एकनाथ शिंदे ने सौंपा नया घर
नरेश
- 21 Apr 2026, 05:42 PM
- Updated: 05:42 PM
पहलगाम (जम्मू-कश्मीर), 21 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए आदिल शाह के परिवार को नवनिर्मित मकान सौंपकर पिछले वर्ष किए गए अपने वादे को पूरा किया।
आदिल पर्यटकों को खच्चर पर सवारी कराते थे। वह 22 अप्रैल, 2025 को लोकप्रिय पर्यटन स्थल बैसरन घाटी में आतंकवादियों के एक समूह द्वारा किए गए हमले में मारे गए थे। इस हमले में अन्य 25 पर्यटकों ने भी अपनी जान गंवाई थी।
शिवसेना ने हमले की पहली बरसी की पूर्व संध्या पर आदिल के पैतृक गांव हापटनार में एक कार्यक्रम आयोजित किया। शिंदे ने कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।
महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसात और योगेश रामदास कदम हापटनार में आदिल की याद में बने मकान को सौंपने के लिए उपस्थित थे।
आदिल के पिता सैयद हैदर शाह ने कहा कि परिवार शिवसेना प्रमुख शिंदे का मकान और आर्थिक सहायता के लिए आभारी है।
उन्होंने यह भी कहा कि वे जम्मू-कश्मीर सरकार के भी आभारी हैं जिसने आदिल की पत्नी और छोटे भाई को नौकरी मुहैया कराई है।
सैयद हैदर ने कहा, "हम शिंदे जी के बहुत आभारी हैं। घटना के बाद, उन्होंने आर्थिक सहायता के लिए अपने सहायकों को हमारे घर भेजा और घर बनवाने का वादा किया। उन्होंने घर बनवाकर हमें दे दिया है, साथ ही आर्थिक सहायता भी प्रदान की है।"
सैयद ने कहा, "उन्होंने (शिंदे) हमें श्रीनगर में बैठक के लिए बुलाया था और उनकी टीम अभी भी हमसे संपर्क में है। उनके एक सहायक ने हमसे कहा, 'हम आपके बेटे जैसे हैं...मैं भी आपका आदिल हूं।' इससे हमें हिम्मत मिली है।"
परिवार को सरकार से भी मदद मिली है। आदिल की पत्नी को नौकरी मिली और आर्थिक सहायता भी दी गई।
उन्होंने कहा कि कोई भी सहायता बेटे के खोने के दुख की भरपाई नहीं कर सकती।
उन्होंने कहा, "चाहे कुछ भी दे दिया जाए, जाने वाले की कमी पूरी नहीं हो सकती। मन को शांति नहीं मिलती।"
सैयद ने अपने बेटे के बलिदान को याद करते हुए कहा कि यह धार्मिक भेदभाव से ऊपर मानवता को महत्व देने का एक उदाहरण है।
शोक संतप्त पिता ने कहा, "उसे अपनी जान की परवाह नहीं थी। उसने दूसरों को बचाने के लिए अपनी जान दे दी। उसने हिंदू, मुसलमान या सिख का भेद नहीं किया। उसने दिखाया कि मानवता सर्वोपरि है, सबकी रगों में एक ही खून बहता है।"
सैयद ने कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व है कि आदिल के बलिदान ने मानवता के मूल सिद्धांतों को प्रदर्शित किया।
उन्होंने कहा कि आदिल परिवार की रीढ़ था।
उन्होंने कहा, "सारी जिम्मेदारियां उसी पर थीं...माता-पिता, भाइयों, सबकी देखभाल करना... लेकिन यह अल्लाह की मर्जी थी।"
सैयद ने कहा कि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी उसकी यादें ताजा हैं।
उन्होंने कहा, "हम आदिल को हर पल याद करते हैं। घर में उसकी तस्वीरें देखकर हमें उसकी याद और भी ज़्यादा आती है।"
उन्होंने बताया कि हर साल इस समय वह पहलगाम जाता था लेकिन आज वो जमीन में दफन है।
उन्होंने कहा कि परिवार को इस बात पर गर्व है कि आदिल ने अपनी जान की परवाह नहीं की।
सैयद ने कहा, "वहां हजारों अन्य मजदूर भी मौजूद थे - घुड़सवार, बोझ ढोने वाले और होटल कर्मचारी - सभी ने अपनी जान बचाई और भाग गए लेकिन आदिल ने वहां मौजूद लोगों के लिए अपनी जान दे दी।"
भाषा राखी नरेश
नरेश
2104 1742 पहलगाम