दिल्ली: रेखा गुप्ता ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को फटकार लगाई
नरेश
- 20 Apr 2026, 08:02 PM
- Updated: 08:02 PM
नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तर दिल्ली के आजादपुर मंडी के पास किए जा रहे विकास कार्यों का सोमवार को निरीक्षण किया और नालों के खुले होने तथा स्वच्छता की कमी पाए जाने पर अधिकारियों को फटकार लगाई।
गुप्ता ने यहां दिल्ली मेट्रो, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारियों के साथ आजादपुर के पास गुप्ता मार्केट, आजादपुर चौक और त्रिपोलिया चौक के साथ-साथ आसपास इलाके में किए रहे कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों से विस्तृत प्रगति रिपोर्ट तलब की।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, अव्यवस्था और खराब स्वच्छता व्यवस्था को देखकर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को सख्त फटकार लगाई।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अब काम केवल कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर साफ तौर पर दिखाई देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर कहा, ''दिल्लीवासियों के लिए हम बेहतर अवसंरचना और उनकी जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं विकसित कर रहे हैं। वर्षों से उपेक्षित क्षेत्रों में भी नये विकास कार्यों की शुरुआत की गई है, और इन्हें समय पर पूरा कर जनता को समर्पित करने के लिए हमारी सरकार चौबीस घंटे 'मिशन मोड' में कार्य कर रही है।"
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों को स्थानीय नागरिकों के आवागमन और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने के निर्देश दिए गये हैं।
गुप्ता के मुताबिक, साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ, निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता से समझौता किए बिना पूरे किए जाएं, ताकि जनता को समय पर सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर साफ-सफाई, कूड़ा उठाने और बेहतर प्रबंधन को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
गुप्ता ने अपने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, गति और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के सभी पहलुओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को आदेश दिया कि आजादपुर, आदर्श नगर और त्रिपोलिया चौक में नए मास्टर प्लान के तहत जल निकासी प्रणाली का पुनर्निर्माण सुनिश्चित किया जाए और नालों से तत्काल गाद निकालने का काम किया जाए, ताकि जलभराव का स्थायी समाधान हो सके।
बयान के अनुसार, निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मेट्रो निर्माण कार्यों की तकनीकी और संरचनात्मक स्थिति की समीक्षा भी की।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश
2004 2002 दिल्ली