दिल्ली : फार्महाउस के स्विमिंग पूल में डूबने से ढाई वर्षीय बच्चे की मौत; ठेकेदार गिरफ्तार
पारुल
- 10 Apr 2026, 11:45 PM
- Updated: 11:45 PM
नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) दक्षिण दिल्ली के महरौली स्थित उस फार्महाउस में स्विमिंग पूल के निर्माण में शामिल ठेकेदार को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया, जहां इस सप्ताह की शुरुआत में ढाई साल के एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई थी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि फार्महाउस के मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बुधवार शाम को बच्चा फार्महाउस के स्विमिंग पूल में कथित तौर पर गिर गया।
मृतक बच्चे के परिवार ने बताया कि बच्चा बुधवार शाम इलाके में एक निर्माण स्थल के पास खेल रहा था, जैसा कि वह अक्सर करता था।
बच्चे के नाना विपिन ने कहा, "उस शाम हम फार्महाउस के पास निर्माण स्थल पर काम कर रहे थे, जबकि वह पास में खेल रहा था। शाम करीब 6:15 बजे, उसने हमें बताया कि उसे भूख लगी है और वह घर चला गया।"
उन्होंने बताया कि बच्चे की मां ने उसे खाना खिलाया, जिसके बाद वह यह कहकर फिर से बाहर निकल गया कि वह पास में रहने वाली अपनी मौसी के घर जा रहा है।
विपिन ने बताया कि वह राजमिस्त्री हैं और बच्चे के पिता बंगाली मांझी के साथ फार्महाउस के पास निर्माण कार्य में लगे हुए थे।
काम की तलाश में बिहार के भागलपुर से दिल्ली आने के बाद यह परिवार पिछले तीन महीनों से इसी इलाके में रह रहा है।
विपिन ने कहा कि वह आमतौर पर यहां आसपास घूमता रहता था और खेलने के लिए कार्यस्थल पर आता था। वह इलाके से परिचित था।
जब बच्चा लापता हो गया, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। शाम करीब सात बजे उसकी नानी ने फार्महाउस के स्विमिंग पूल के पास कपड़े पड़े देखे, जिससे संदेह पैदा हुआ।
विपिन ने कहा, "जब हमने पूल के पास कपड़े देखे, तो हम वहां पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।"
उन्होंने बताया कि जब परिवार पूल के पास पहुंचा, तो बच्चे का शव पानी में तैर रहा था। उसे बाहर निकाला गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
विपिन ने कहा, "हमने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा कुछ होगा। वह कभी पूल के पास नहीं जाता था और न ही पानी छूता था।"
पुलिस ने बताया कि बच्चे को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "हमने फार्महाउस के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या पूल के चारों ओर बैरियर या निगरानी जैसे पर्याप्त सुरक्षा उपाय मौजूद थे।"
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
नोमान पारुल
पारुल
1004 2345 दिल्ली