दिल्ली: देर रात अलग-अलग मुठभेड़ के बाद दो वांछित अपराधी गिरफ्तार
नरेश
- 31 Mar 2026, 04:20 PM
- Updated: 04:20 PM
नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के डाबरी इलाके में एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या करने और कई अन्य लोगों पर हमला करने के मामले में वांछित दो लोगों को पुलिस ने देर रात अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान रोहित कुमार उर्फ नोडी और प्रेम शर्मा उर्फ हिमांशु के रूप में हुई है और उनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उन्होंने पकड़ने की कोशिश कर रही पुलिस टीमों पर कथित तौर पर गोलियां चलाईं और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उनके पैरों में गोलियां लगीं।
पुलिस ने बताया कि ये गिरफ्तारियां रविवार रात मधु विहार में हुई चाकूबाजी की दो घटनाओं के 24 घंटे के भीतर हुई हैं। इन घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पुलिस के मुताबिक, इलाके में करीब 15 मिनट के भीतर दो अलग-अलग घटनाएं हुई थी।
द्वारका के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कुशल पाल सिंह ने कहा, "पहली घटना रात 9.23 बजे मधु विहार में दुर्गा माता मंदिर के पास हुई, जिसमें खाना आपूर्ति करने वाले 39 वर्षीय गोविंद झा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। झा ने आरोपियों से रास्ता पूछा था, जिसके बाद उन पर हमला किया गया। एक राहगीर उन्हें अस्पताल ले गया, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया।"
अधिकारी ने बताया कि इसके कुछ मिनट बाद इसी इलाके में नव जीवन स्कूल के पास दूसरी घटना हुई, जहां हनी, अनीस और रोहित नाम के तीन लोगों को अज्ञात हमलावरों ने चाकू मार दिया। तीनों घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें से दो बयान देने की स्थिति में नहीं थे और एक को विशेष उपचार के लिए दूसरे अस्पताल भेज दिया गया।
डीसीपी ने कहा, "शुरुआती अफवाहों में इन घटनाओं को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की गई थी, लेकिन जांच में ऐसा कोई पहलू नहीं पाया गया है और ऐसे दावों को भ्रामक करार दिया गया है।"
संदिग्धों की पहचान होने के बाद विशिष्ट सूचना पर कार्रवाई करते हुए उनकी तलाश के लिए कई टीमें तैनात की गई थीं।
पहली सफलता सोमवार देर रात मिली जब 'स्पेशल स्टाफ' की टीम ने द्वारका सेक्टर 17 में एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास रोहित कुमार को देखा।
डीसीपी ने बताया, "जब पुलिस टीम ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, तो उसने कथित तौर पर तीन गोलियां चलाईं। एक गोली एक हेड कांस्टेबल के बेहद करीब से गुजरी। टीम ने संयम बरता और आत्मरक्षा में नियंत्रित गोलीबारी के साथ जवाबी कार्रवाई की।"
रोहित कुमार के घुटने में गोली लगी और थोड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू कर लिया गया। उसके पास से एक पिस्तौल के साथ ही कारतूस और कारतूस के खाली खोखे बरामद किए गए। उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया और शस्त्र कानून की धाराओं तथा हत्या के प्रयास के तहत एक अलग मामला दर्ज किया गया।
अधिकारी ने बताया, "एक समानांतर अभियान में, दूसरी पुलिस टीम ने उसी रात नजफगढ़ के पास प्रेम शर्मा को रोका, जो एक चोरी के स्कूटर पर जा रहा था। चुनौती दिए जाने पर उसने भी पुलिस पर तीन गोलियां चलाईं। एक गोली एक हेड कांस्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। टीम ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की और उसे घायल कर पकड़ लिया।"
शर्मा के घुटने के नीचे गोली लगी। उसके पास से एक पिस्तौल, कारतूस और अपराध में इस्तेमाल चोरी का वाहन बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि शर्मा, गोविंद झा की हत्या का मुख्य आरोपी है, जबकि दोनों आरोपी अन्य तीन लोगों पर हुए हमले में शामिल थे।
डीसीपी ने बताया, "जांच में यह भी पता चला है कि दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। रोहित कुमार इसी महीने की शुरुआत में जेल से छूटा था, जबकि प्रेम शर्मा अपहरण और फिरौती जैसे गंभीर अपराधों में शामिल रहा है।"
दोनों आरोपियों का फिलहाल पुलिस हिरासत में अस्पताल में इलाज किया जा रहा हैं और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटाने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश
3103 1620 दिल्ली