बंगाल को तबाह करने की कोशिश से भाजपा देश में सत्ता गंवा देगी: ममता बनर्जी
माधव
- 28 Mar 2026, 03:23 PM
- Updated: 03:23 PM
कोलकाता, 28 मार्च (भाषा) तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल को तबाह करने की कोशिश में भाजपा देश में अपनी सत्ता गंवा देगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाताओं के नाम हटाने के लिए निर्वाचन आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है।
बनर्जी ने रानीगंज में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए घोषणा की कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव लगातार चौथी बार जीतने के बाद, वह दिल्ली ''विजय'' के लिए सभी राजनीतिक दलों को एकजुट करेंगी।
उन्होंने कहा, ''अगर राज्य में भाजपा सत्ता में आती है, तो वे बुलडोज़र चलाकर सबको बाहर निकाल देंगे।''
मुख्यमंत्री ने पश्चिम बर्धमान जिले के खनन शहर में आयोजित रैली में कहा, ''बंगाल को तबाह करने की कोशिश करके, भाजपा पूरे देश में अपनी सत्ता खो देगी।''
उन्होंने एसआईआर के दौरान मतदाताओं के नाम हटाने के लिए निर्वाचन आयोग पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा, ''एक 'लक्ष्मण रेखा' जरूर होनी चाहिए, लेकिन भाजपा सभी सीमाएँ लांघ रही है।''
मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनौती देते हुए कहा, ''एसआईआर आपकी मौत की घंटी साबित होगा।''
मुर्शिदाबाद के रघुनाथगंज में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुई झड़पों का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।
बनर्जी ने कहा, ''मैं निर्वाचित मुख्यमंत्री हूँ, लेकिन उन्होंने सारी शक्तियाँ छीन ली हैं।''
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के सत्ता में लौटने के बाद हिंसा के जिम्मेदार सभी लोगों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।
चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद जिले के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को तब तनाव फैल गया, जब रामनवमी की शोभायात्राओं के दौरान झड़पें हुईं। इस दौरान कई जगहों से पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की की घटनाओं की खबरें मिलीं।
पुलिस ने बताया कि प्रभावित जंगीपुर और रघुनाथगंज इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
यह उल्लेख करते हुए कि बंगाल में सभी धर्मों, जातियों और जनजातियों के त्योहार समान उत्साह के साथ मनाए जाते हैं, उन्होंने कहा कि धर्म मानवता का प्रतिनिधित्व करता है।
बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा अवैध कोयला खदानों से पैसे लेती है और फिर तृणमूल कांग्रेस पर चोर होने का आरोप लगाती है।
उन्होंने कहा, ''भाजपा लूटती है और झूठ बोलती है।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में राज्य में कई विकास परियोजनाएँ शुरू की गई हैं, जिनमें स्टील और बिजली संयंत्रों के आधुनिकीकरण की पहल और ग्रीनफील्ड उद्योगों की स्थापना शामिल है।
उन्होंने दावा किया, ''इसके विपरीत, चितरंजन लोकोमोटिव वर्क्स-जो मेरे रेल मंत्री रहते समय खूब फूल-फल रहा था-अब बदहाल स्थिति में है।''
बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य में बेरोजगारी को 40 प्रतिशत तक कम किया है और ''पूरे राज्य में रोजगार के दो करोड़ नए अवसर पैदा किए हैं।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरी ओर, केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने हर साल दो करोड़ नौकरियां देने के 2014 के अपने वादे को अभी तक पूरा नहीं किया है।
उन्होंने राज्य के लिए कोष आवंटन को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला, और दावा किया कि पिछले पाँच साल में 100 दिन की रोजगार गारंटी योजना, आवास और सड़कों सहित कई परियोजनाओं के लिए केंद्र से मिलने वाली राशि पूरी तरह से बंद हो गई है।
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव
2803 1523 कोलकाता