छत्तीसगढ़ के दुर्ग में अफीम की खेती का खुलासा, निलंबित भाजपा नेता समेत तीन गिरफ्तार
अमित
- 07 Mar 2026, 11:02 PM
- Updated: 11:02 PM
दुर्ग, सात मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मक्के की खेती के आड़ में अफीम उगाने की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निलंबित स्थानीय नेता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत समोदा, झेनझरी और सिरसा गांव के मध्य स्थित भूमि में अवैध रूप से अफीम की खेती करने के आरोप में पुलिस ने निलंबित भाजपा नेता विनायक ताम्रकार (58), विकास बिश्नोई (27) और मनीष ठाकुर (45) को गिरफ्तार कर लिया है।
अग्रवाल ने बताया कि जिले के समोदा, झेनझरी और सिरसा गांव के मध्य स्थित भूमि में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिस दल मौके पर पहुंचा और मामला दर्ज कर अन्य संबंधित विभागों को इसकी सूचना दी गई।
उन्होंने बताया कि मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि खेत में मक्का की फसल के बीच-बीच में अफीम के पौधे लगाए गए थे। उन्होंने बताया कि संयुक्त दल ने खेत का निरीक्षण करके लगभग पांच एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में लगे अफीम के पौधों को जप्त किया। उन्होंने बताया कि इसकी अनुमानित कीमत लगभग आठ करोड़ रूपए आंकी गई है।
अधिकारी ने बताया कि राजस्व विभाग को मामले की जानकारी मिलने के बाद दुर्ग जिले के कलेक्टर के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) दुर्ग, तहसीलदार दुर्ग और अतिरिक्त तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और भूमि अभिलेखों की जांच की गई। उन्होंने बताया कि जांच में कुल जमीन 10 एकड़ 72 डिसमिल दर्ज पाई गई।
अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि अफीम की खेती के लिए बाहर से लोगों को बुलाकर कार्य कराया जा रहा था। उन्होंने बताया कि मामले में स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, जमीन मधुमती ताम्रकार और प्रीतिबाला ताम्रकार की है।
दुर्ग की अतिरिक्त तहसीलदार क्षमा यादव ने बताया कि यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि खेत में अफीम की फसल कैसे उगाई गई। अधिकारी ने बताया कि जमीन पर खेती का काम विनायक ताम्रकार करते हैं।
मामले के सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े विनायक ताम्रकार समोदा गांव में करीब 10 एकड़ ज़मीन पर अफीम की खेती कर रहे थे।
सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर बघेल ने लिखा, ''सुशासन की अफ़ीम! भाजपा किसान मोर्चा के नेता विनायक ताम्रकार दुर्ग ज़िले के ग्राम समोदा में 10 एकड़ खेत में अफ़ीम की खेती कर रहे हैं। कल रात सूचना मिलते ही आज हम सब वहां पहुंचे हैं। बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हैं। विनायक ताम्रकार बहुत रसूख़दार आदमी बताया जा रहा है। उनका उठना बैठना बड़े अधिकारियों, मंत्रियों के साथ है। मुख्यमंत्री निवास में भी आने जाने की सूचना है। सवाल यह है कि यह प्रोजेक्ट भाजपा किसान मोर्चा का है या मंत्रियों का है?''
इस बीच, ताम्रकार ने आरोपों से इनकार करते हुए इसे राजनीतिक द्वेष बताया।
विवाद के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई ने राईस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प, किसान मोर्चा दुर्ग के प्रदेश संयोजक ताम्रकार को पार्टी से निलंबित कर दिया है।
पार्टी की ओर से जारी आदेश में प्रदेश महामंत्री डॉक्टर नवीन मार्कण्डेय ने कहा है, ''आपके आचरण एवं कृत्य से भारतीय जनता पार्टी की छवि धूमिल हुई है। आपका यह कृत्य पार्टी अनुशासनहीनता करने की श्रेणी में आता है। अतः भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष माननीय किरण सिंह देव जी ने आपको उपरोक्त कृत्य के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।''
भाषा सं संजीव अमित
अमित
0703 2302 दुर्ग