विजय ने महिलाओं को शादी के लिये सोना और 2500 रुपये की मासिक सहायता देने का वादा किया
दिलीप
- 07 Mar 2026, 09:19 PM
- Updated: 09:19 PM
(फोटो के साथ)
चेन्नई, सात मार्च (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख विजय ने शनिवार को महिलाओं के लिए कई वादों की घोषणा की, जिनमें आगामी राज्य विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर 2,500 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता, युवतियों को शादी के उपहार के रूप में सोना तथा साड़ी और सभी परिवारों को छह एलपीजी सिलेंडर मुफ्त देना शामिल है।
विजय ने यहां के निकट मामल्लापुरम में टीवीके के तत्वावधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में कहा कि जब उनकी पार्टी टीवीके सत्ता में आएगी, तो सरकारी कर्मचारियों को छोड़कर 60 वर्ष की आयु तक की सभी महिलाओं को मासिक सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि 'अन्नपूर्णा सुपर सिक्स योजना' के तहत प्रतिवर्ष छह एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
स्कूलों में 'जीरो ड्रॉपआउट' सुनिश्चित करने के लिए 'कामराजार कालवी उरुथी थिट्टम' के तहत प्रत्येक मां या अभिभावक को 15,000 रुपये की वार्षिक वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बारे में विजय ने अपने 20 मिनट के भाषण में कहा कि बसों में 'स्मार्ट पैनिक बटन' लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुविधा के लिए राशन की दुकानों, स्कूलों और कॉलेजों के माध्यम से मुफ्त सैनिटरी पैड उपलब्ध कराए जाएंगे।
विजय ने महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए पांच लाख रुपये तक के ब्याज मुक्त आवंटन की भी घोषणा की।
अभिनेता से नेता बने विजय ने आश्वासन दिया कि तमिलनाडु में जन्म लेने वाले प्रत्येक नवजात शिशु को राज्य सरकार के 'आशीर्वाद' के रूप में सोने की एक अंगूठी और शिशु पाउडर, शिशु तेल, डायपर से युक्त एक 'वेलकम किट' दी जायेगी।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा, महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति (जीरो टॉलरेंस), महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस में 'रानी वेलू नचियार' इकाई का गठन और महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों के शीघ्र निपटान के लिए विशेष त्वरित न्यायालयों की घोषणा की।
विजय ने सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य के 43.9 लाख करोड़ रुपये के बजट में से ''30 प्रतिशत स्टालिन सर टैक्स'' के रूप में लूट और भ्रष्टाचार का पैसा वसूला जा रहा है।
उन्होंने कहा, ''ये चुनावी आश्वासन एक 'भ्रष्टाचार मुक्त और बेहतरीन शासन व्यवस्था' द्वारा पूरे किए जा सकते हैं।''
उन्होंने टीवीके द्वारा आयोजित महिला दिवस कार्यक्रम में मंच पर आमंत्रित महिलाओं का अभिवादन किया।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप
0703 2119 चेन्नई