प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को अजमेर में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे
संतोष
- 27 Feb 2026, 06:49 PM
- Updated: 06:49 PM
जयपुर, 27 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को अपने राजस्थान दौरे के दौरान अजमेर में 16,680 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
मोदी वहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
इसके अनुसार प्रधानमंत्री मोदी 28 फरवरी को राजस्थान के अजमेर का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री सुबह लगभग 11:30 बजे 16,680 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत,उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़कें, सिंचाई व ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी हैं।
इस अवसर पर वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे। आधिकारिक बयान के अनुसार प्रधानमंत्री 14 वर्ष की उम्र की लड़कियों के वास्ते ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे।
इसके अनुसार इस पहल का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर को रोकना है जो महिलाओं में कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है और यह देश भर में लड़कियों और महिलाओं के दीर्घकालिक स्वास्थ्य की सुरक्षा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
प्रधानमंत्री सड़क संपर्क को बढ़ावा देते हुए कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे जिनमें बांदीकुई से जयपुर तक चार-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे शामिल हैं। वह जोधपुर शहर में चार-लेन एलिवेटेड रोड और बारां जिले में मालबमोरी-मंगरोल-बारां राज्य राजमार्ग की आधारशिला भी रखेंगे।
प्रधानमंत्री सभी के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप नोनेरा प्रमुख पेयजल परियोजना के चार पैकेजों और परवान अकावाद प्रमुख पेयजल परियोजना के पांच पैकेजों की आधारशिला रखेंगे।
राजस्थान में नवीकरणीय ऊर्जा अवसंरचना को मजबूत करने और उत्पादन केंद्रों से निर्बाध पारेषण सुनिश्चित करने के लिए, प्रधानमंत्री राजस्थान के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों (आरईजेड) से बिजली निकासी के लिए पारेषण प्रणालियों का उद्घाटन करेंगे।
इसके अनुसार प्रधानमंत्री रोजगार सृजन और युवा सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए राजस्थान में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त युवाओं को 21,800 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
भाषा पृथ्वी संतोष
संतोष
2702 1849 जयपुर