कांग्रेस ने शबरिमला तंत्री की गिरफ्तारी पर एसआईटी से स्पष्टीकरण मांगा, भाजपा ने माकपा पर साधा निशाना
दिलीप
- 23 Feb 2026, 08:49 PM
- Updated: 08:49 PM
इडुक्की/तिरूवनंतपुरम, 23 फरवरी (भाषा) केरल में विपक्षी कांग्रेस और भाजपा ने सोना चोरी मामले में शबरिमला तंत्री (मुख्य पुजारी) की गिरफ्तारी को लेकर राज्य की वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार से इस बारे में स्पष्टीकरण मांगा कि मुख्य पुजारी को 40 दिनों तक किस आधार पर जेल में रखा गया।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी. डी. सतीशन ने यहां आदिमाली में संवाददाताओं से कहा कि विपक्ष ने देवस्वोम मंत्री वी. एन. वासवन के इस्तीफे और शबरिमला सोना चोरी मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) पर मुख्यमंत्री कार्यालय के कथित दबाव को खत्म करने की मांग को लेकर सदन का बहिष्कार जारी रखा है।
उन्होंने जानना चाहा कि शबरिमला तंत्री कंदारारु राजीवारु को कथित तौर पर बिना सबूत के क्यों गिरफ्तार किया गया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि अदालत ने तंत्री को यह कहते हुए जमानत दे दी कि उनके खिलाफ ''लेशमात्र भी सबूत'' नहीं है। सतीशन ने सवाल किया कि उन्हें गिरफ्तार कर 40 दिनों तक जेल में क्यों रखा गया।
सतीशन ने कहा, ''एसआईटी की यह जिम्मेदारी है कि वह स्पष्ट करे कि तंत्री को किन आधारों पर और किन सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया गया था।''
उन्होंने आरोप लगाया कि जब तंत्री को गिरफ्तार किया गया था, माकपा नेताओं ने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को इसका श्रेय दिया था, लेकिन अब वे चुप हैं।
सतीशन ने कहा, ''हमने उस समय जो संदेह जताया था, वह अब भी कायम है।'' उन्होंने कहा कि विपक्ष ने 11 जनवरी को - गिरफ्तारी के एक दिन बाद - मांग की थी कि एसआईटी यह स्पष्ट करे कि तंत्री ने क्या अपराध किया है और कथित अपराध में उनकी क्या भूमिका है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधानसभा में मंत्रियों द्वारा तंत्री के संबंध में दिए गए बयान अदालत के जमानत देने संबंधी फैसले की आलोचना के समान है।
तंत्री की गिरफ्तारी के खिलाफ अपना कड़ा विरोध जारी रखते हुए, भाजपा ने माकपा के प्रदेश सचिव एम वी गोविंदन और सत्तारूढ़ पार्टी से तंत्री को ''बड़ा चोर'' बताने संबंधी अपनी टिप्पणियों को वापस लेने तथा सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की।
प्रदेश भाजपा प्रमुख राजीव चंद्रशेखर ने तिरुवनंतपुरम में आरोप लगाया कि सोना चोरी मामले को दबाने और लोगों का इससे ध्यान भटकाने का माकपा और कांग्रेस ने प्रयास किया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि तंत्री को विजयन के करीबी वर्तमान और पूर्व देवस्वोम मंत्रियों को बचाने के लिए गिरफ्तार किया गया था।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप
2302 2049 इडुक्की