नीदरलैंड में रॉब जेटेन के नेतृत्व वाली नयी गठबंधन सरकार को शपथ दिलाई गई
माधव
- 23 Feb 2026, 05:58 PM
- Updated: 05:58 PM
द हेग, 23 फरवरी (एपी) नीदरलैंड के राजा विलेम एलेक्जेंडर ने रॉब जेटेन के नेतृत्व वाली नयी अल्पमत गठबंधन सरकार को सोमवार को शपथ दिलाई।
जेटेन (38) नीदरलैंड के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अल्पमत की वजह से उन्हें चार साल का कार्यकाल पूरा करने और विभिन्न विधेयकों को पारित कराने के लिए कई मोर्चों पर समझौता करना पड़ सकता है।
जेटेन तीन दलों के गठबंधन का नेतृत्व करते हैं। इसमें उनकी मध्यमार्गी डी66 पार्टी, मध्य-दक्षिणपंथी क्रिश्चियन डेमोक्रेट पार्टी और पीपुल्स पार्टी फॉर फ्रीडम एंड डेमोक्रेसी शामिल हैं।
नीदरलैंड की संसद के 150 सदस्यीय निचले सदन में सत्तारूढ़ गठबंधन के महज 66 सदस्य हैं। ऐसे में जेटेन को अपनी सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले प्रत्येक कानून के लिए समर्थन जुटाने के वास्ते विपक्षी सांसदों को भरोसे में लेना होगा।
राजा विलेम एलेक्जेंडर ने आम चुनाव के 117 दिन बाद जेटेन और उनकी सरकार के मंत्रियों को द हेग स्थित शाही महल के ऑरेंज हॉल में शपथ दिलाई।
राजा ने नयी सरकार को "अनिश्चितता के दौर में" सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
पर्यावरण समूह 'एक्सटिंक्शन रिबेलियन' के प्रदर्शनकारियों ने शपथ ग्रहण समारोह के दौरान महल के द्वार के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया और जब नये मंत्री औपचारिक तस्वीर के लिए महल की सीढ़ियों पर खड़े हुए तो उन्होंने सायरन बजाए।
जेटेन के सोमवार को अपने मंत्रिमंडल की पहली बैठक आयोजित करने की योजना है। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "प्रधानमंत्री के रूप में काम करने का अवसर मिलना एक बहुत बड़ा सम्मान है।"
जेटेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के चार साल पूरे होने से एक दिन पहले शपथ ग्रहण की है। प्रधानमंत्री ने रूस के खिलाफ लड़ाई में यूक्रेन को नीदरलैंड के मजबूत समर्थन की प्रतिबद्धता जताई है।
उन्होंने कहा है कि भू-राजनीतिक अनिश्चितता के इस दौर में वह नीदरसैंड की सेना को मजबूत करने के लिए खर्च बढ़ाना जारी रखेंगे।
जेटेन नीदरलैंड के सबसे कम उम्र के और पहले समलैंगिक प्रधानमंत्री हैं। उनसे पहले देश का सबसे कम उम्र का प्रधानमंत्री होने का रिकॉर्ड रुड लुब्बर्स के नाम दर्ज था, जिन्होंने 1982 में 43 साल की उम्र में पद की शपथ ली थी।
जेटेन सोशल मीडिया पर अपने पार्टनर निकोलस कीनन के साथ ली गई तस्वीरें अक्सर करते हैं। कीनन अर्जेंटीना के मशहूर हॉकी खिलाड़ी हैं, जो 2024 के पेरिस ओलंपिक खेलों की कांस्य पदक विजेता टीम का हिस्सा थे।
पिछले साल अक्टूबर में चुनाव में अपनी जीत के बाद जेटेन ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें वह कीनन को गले लगाते नजर आ रहे थे। उन्होंने लिखा था, "प्रिय निको, आपके निःस्वार्थ समर्थन के लिए शुक्रिया। मैं आपके बिना यह नहीं कर पाता।"
नीदरलैंड 2001 में समलैंगिक शादियों को कानूनी मान्यता देने वाला पहला देश बना था।
एपी पारुल माधव
माधव
2302 1758 द हेग