एआई सम्मेन में प्रदर्शन: युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ता गिरफ्तार, आपराधिक साजिश का मामला दर्ज
वैभव
- 20 Feb 2026, 10:09 PM
- Updated: 10:09 PM
नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को 'एआई इंपैक्ट समिट' स्थल पर हुए विरोध-प्रदर्शन के सिलसिले में भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में व्यापक साजिश के पहलू की जांच की जा रही है।
अधिकारी के मुताबिक, तिलक मार्ग पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनमें आपराधिक साजिश, लोक सेवक को चोट पहुंचाना, लोक सेवक पर हमला करना एवं कर्तव्य निर्वहन में बाधा डालना, लोक सेवक की ओर से विधिवत जारी किए गए आदेश की अवज्ञा करना, गैरकानूनी सभा और सामान्य इरादा शामिल है।
सूत्रों के अनुसार, 'एआई इंपैक्ट समिट' के दौरान विरोध-प्रदर्शन के सिलसिले में आईवाईसी के सात कार्यकर्ता भी पुलिस की निगरानी में हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, आईवाईसी के बिहार सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब से भी पूछताछ कर रही है। यह पूछताछ संसद मार्ग थाने में हो रही है। उन्होंने बताया कि अन्य प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करने के लिए तलाश जारी है।
इससे पहले दिन में, पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के एक प्रदर्शनी हॉल के अंदर 'शर्ट उतार कर विरोध-प्रदर्शन' करने को लेकर आईवाईसी के करीब 10 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (नयी दिल्ली) देवेश महला ने कहा, "भारतीय युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया जिसमें लगभग 15 लोग शामिल हुए। हॉल नंबर 5 के लॉबी क्षेत्र के अंदर, उन्होंने शर्ट के नीचे पहनी हुई छिपी टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया।"
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि चारों आरोपियों को पटियाला हाउस अदालत में पेश किया जाएगा; प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और कई संगीन धाराएं लगाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आरोपियों ने घटनास्थल पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर धक्का मुक्की भी की।
अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ता इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि क्या इस घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर सम्मेलन स्थल में प्रवेश करने के वास्ते क्यूआर कोड प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया था और बाद में प्रदर्शनी हॉल नंबर 5 के अंदर विरोध प्रदर्शन किया।
कुछ प्रदर्शनकारियों की कुछ वहां उपस्थित लोगों के साथ तीखी बहस हुई, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से हटा दिया।
सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की और संभवतः उन पर गैर-जमानती धाराएं लगाई जाएंगी। आरोपियों ने शुरुआत में काले छातों पर छपे हुए स्टिकर लाने की योजना बनाई थी।
सूत्र ने बताया, ''हालांकि, बाद में उन्हें लगा कि गेट पर जांच के दौरान काले छातों का पता चल सकता है। इसलिए उन्होंने अपनी योजना बदल दी और टी-शर्ट पर छपे हुए स्टिकर लगवा लिए।''
स्टिकर कहां छपे थे, यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है। दिल्ली पुलिस ने भारत मंडपम में युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में दिल्ली-एनसीआर में छापेमारी शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा, "प्रदर्शनकारियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है, जो संभवतः कार्यक्रम स्थल से भाग गए होंगे। शेष प्रदर्शनकारियों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान जारी है।"
संदिग्धों की पहचान 15 से अधिक वीडियो क्लिप के आधार पर की जा रही है और पुलिस भारत मंडपम के अंदर हुए विरोध प्रदर्शन के वीडियो फुटेज की गहन जांच कर रही है।
दिल्ली पुलिस घटनाओं के क्रम का विश्लेषण कर रही है और पूछताछ के दौरान कुछ नाम भी सामने आए हैं।
पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के मोबाइल फोन फिलहाल बंद हैं। तकनीकी निगरानी से मिली जानकारी के आधार पर शेष प्रदर्शनकारियों का पता लगाने के लिए आगे की तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को 'एआई इंफैक्ट समिट' के एक प्रदर्शनी हॉल में पहुंचकर अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के विरोध में प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए।
युवा कांग्रेस से जुड़े प्रदर्शनकारी हॉल नंबर-5 के अंदर मार्च करते हुए पहुंचे। वे सफेद टी-शर्ट पहने या पकड़े हुए थे, जिन पर प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें छपी थीं, तथा उन पर "इंडिया यूएस ट्रेड डील", "एपस्टीन फाइल्स" और "पीएम इज़ कम्प्रोमाइज्ड (प्रधानमंत्री झुक गये हैं)" जैसे नारे लिखे थे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट भी उतार दीं।
भाषा पारुल वैभव
वैभव
2002 2209 दिल्ली