मुझे अपनी अहमियत पता है: प्रियंका चोपड़ा
वैभव
- 20 Feb 2026, 08:21 PM
- Updated: 08:21 PM
(रवि बंसल)
नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) वैश्विक मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बना चुकी अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस का कहना है वह अपनी क्षमताओं और अपनी अहमियत को अच्छी तरह जानती हैं और यही आत्मविश्वास उन्हें शुरुआती संघर्षों से आगे लेकर आया।
हिंदी सिनेमा की शीर्ष अभिनेत्रियों में शुमार रहीं प्रियंका ने एक दशक से अधिक समय पहले हॉलीवुड में कदम रखा था। उस समय अवसर सीमित थे, पहचान कम थी और सफलता आसान नहीं थी।
उन्होंने 'पीटीआई-भाषा' को लॉस एंजिलिस से दिए डिजिटल साक्षात्कार में कहा, "भले ही लोग मुझे नहीं जानते थे, इससे फर्क नहीं पड़ता था। मुझे पता है कि मेरी क्या अहमियत है। अवसर कम हो सकते थे, सफलता देर से मिली हो लेकिन अपनी क्षमता और काम को लेकर मेरा आत्मविश्वास कभी कम नहीं हुआ।"
प्रियंका ने शुरुआत में हॉलीवुड में बतौर गायिका पहचान बनाने की कोशिश की, लेकिन वह प्रयास अपेक्षित सफलता नहीं दिला सका। इसके बाद उन्होंने फिल्मों और वेब सीरीज में अभिनय पर ध्यान केंद्रित किया। हाल ही में वह जासूसी थ्रिलर शृंखला 'सिटाडेल' में भी केंद्रीय भूमिका में नजर आईं।
अभिनेत्री का कहना है कि आत्मविश्वास उनके भीतर हमेशा से रहा है और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
जब उनसे उस पल के बारे में पूछा गया जब उन्हें लगा कि उन्होंने सफलता के मामले में नहीं बल्कि आत्मविश्वास के मामले में अपनी मंजिल पा ली है, तो उन्होंने कहा, "जिस दिन मैं हॉलीवुड पहुंची, उसी दिन से मैंने यह महसूस किया। मैंने कभी यह सोचकर आगे नहीं बढ़ी कि मैं कमजोर हूं।"
उनके अनुसार, वास्तविक सफलता का अर्थ केवल पेशेवर उपलब्धियां नहीं, बल्कि यह सौभाग्य है कि वह अपने पसंदीदा काम के साथ-साथ परिवार के लिए भी समय निकाल पाती हैं।
उन्होंने कहा, "ज्यादातर लोगों को रोज काम करना पड़ता है और कुछ लोग तो अपने काम को पसंद भी नहीं करते, लेकिन परिवार के भरण-पोषण के लिए उन्हें वह करना पड़ता है। मेरे लिए असली जीत यह है कि मैं वह काम कर रही हूं जिसे मैं प्यार करती हूं और फिर भी अपने परिवार के साथ रह पाती हूं।"
प्रियंका ने कहा कि उनका जीवन अब काम और परिवार के संतुलन के इर्द-गिर्द परिभाषित होता है। प्रियंका के पति मशहूर अमेरिकी गायक निक जोनस हैं और दंपति की एक बेटी मालती मैरी है।
भाषा राखी वैभव
वैभव
2002 2021 दिल्ली