ईमानदारी का उदाहरण: कबाड़ व्यापारी ने 15 लाख रुपये के गहने उनके असली मालिकों को लौटाए
वैभव
- 20 Feb 2026, 08:09 PM
- Updated: 08:09 PM
फरीदाबाद, 20 फरवरी (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में छह महीने पहले जमा किए गए कबाड़ को छांटते समय कबाड़ व्यापारी हाजी अख्तर खान को करीब 100 ग्राम सोना मिला, जिसे उन्होंने पुलिस की मदद से असली मालिक तक पहुंचाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की।
अनजाने में कबाड़ में फेंके गए 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषणों को पाकर शर्मा परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा, वहीं खान का असाधारण ईमानदारी भरा कार्य आए दिन सामने आ रहीं बुरी खबरों के बीच राहत देता है।
बल्लभगढ़ के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) जितेश मल्होत्रा ने शुक्रवार को बताया कि अशोक शर्मा और उनके परिवार ने पिछले साल जनवरी में प्रयागराज कुंभ मेले में जाने से पहले गहनों को चोरी से बचाने के लिए घरेलू कबाड़ से भरी बोरी में छिपा दिया था। कुछ महीनों बाद, उन्होंने कबाड़ बेच दिया और उसमें छिपे सोने के बारे में पूरी तरह भूल गए।
घटना का ब्योरा देते हुए खान ने पत्रकारों को बताया कि शर्मा परिवार ने करीब छह महीने पहले उन्हें कुछ कबाड़ बेचा था। उसके दो महीने बाद शर्मा उनके पास आए और पूछा कि क्या उन्होंने वह सोना देखा है जो उन्होंने अनजाने में फेंक दिया था।
खान ने पत्रकारों से कहा, ''मैंने उनसे गोदाम में ढूंढने को कहा था। अगर वह बेचने के तुरंत बाद आते, तो हम कैमरा चेक कर सकते थे। लेकिन तब तक बहुत समय बीत चुका था, इसलिए हमें कुछ नहीं मिला।''
और फिर बुधवार को अपने गोदाम में पड़े कबाड़ को छांटते समय उन्हें गहने मिल गए।
उन्होंने कहा, ''मैं कुछ कबाड़ छांट रहा था और मुझे कागज में लिपटी हुई कोई चीज मिली। मैंने सोचा कि यह उनका सोना हो सकता है और शायद किसी ने इसे पीतल समझकर नहीं लिया होगा। मैंने इसकी जांच करवाई... सुनार ने बताया कि यह 22 कैरेट सोना है।''
इसके बाद कबाड़ व्यापारी ने पुलिस से संपर्क किया ताकि वह सामान शर्मा को लौटाया जा सके।
उन्हें ईमानदारी का जीता-जागता उदाहरण बताते हुए शर्मा ने 'पीटीआई वीडियोज़' में कहा, ''दीवाली के दौरान हमें भारी नुकसान हुआ था। हमने गलती से अपना 10 तोला सोना कबाड़ के साथ बेच दिया था।''
उन्होंने कहा, "हाजी अख्तर खान साहब ने नेक काम किया है। मैं तहे दिल से उनका शुक्रिया अदा करता हूं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु दे।"
भाषा यासिर वैभव
वैभव
2002 2009 फरीदाबाद