मप्र में प्रवक्ताओं के चयन के लिए कांग्रेस ने प्रतिभा चयन कार्यक्रम की शुरुआत की
रंजन
- 16 Feb 2026, 11:59 PM
- Updated: 11:59 PM
भोपाल, 16 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने 'संगठन सृजन अभियान' अभियान चलाने के बाद अब प्रवक्ताओं की नई फौज खड़ा करने के लिए 'प्रतिभा खोज कार्यक्रम' (टैलेंट हंट प्रोग्राम) शुरू करने की घोषणा की है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आयोजित एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इस अभियान के जरिए प्रवक्ताओं के साथ ही शोध समन्वयक और प्रचार-प्रसार समन्वयक की खोज करने की भी घोषणा की गई।
पार्टी ने स्पष्ट किया कि इस अभियान के जरिए चयनित उम्मीदवारों को जिला, संभाग, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
पार्टी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से 20 प्रदेश प्रवक्ताओं और कुछ मीडिया पैनलिस्ट के साथ ही संभाग एवं जिला स्तर पर दो-दो प्रवक्ताओं का चयन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर दो पैनलिस्ट तथा एक विशेष अंग्रेज़ी मीडिया पैनलिस्ट का चयन किया जाएगा।
प्रवक्ता और पैनलिस्ट टेलीविजन, अखबार और सोशल मीडिया सहित विभिन्न संचार माध्यमों जरिए पार्टी का पक्ष रखते हैं।
पटवारी ने कहा, "बदलते राजनीतिक परिदृश्य में पार्टी को ऐसे ऊर्जावान, वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध और शोधपरक सोच रखने वाले साथियों की आवश्यकता है, जो कांग्रेस की विचारधारा को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचा सकें।"
उन्होंने कहा कि आज से आवेदन फॉर्म जारी किए जा रहे हैं और आवेदन की अंतिम तिथि 28 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।
इस अवसर पर सिंघार ने कहा कि यह पहल प्रदेश की राजनीति में वैचारिक मजबूती और तथ्याधारित विपक्ष की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे युवाओं को मंच दे रही है जो पढ़ें, शोध करें और तथ्यों के साथ जनता की आवाज़ बनें।
उन्होंने कहा, "यह कार्यक्रम लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करेगा और सरकार के दावों की तथ्यपरक समीक्षा सुनिश्चित करेगा।"
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने पिछले साल संगठन में नयी ऊर्जा भरने के मकसद से संगठन सृजन अभियान चलाया था और इसके जरिए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की थी।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में दिसंबर 2018 और मार्च 2020 के बीच 15 महीने की संक्षिप्त अवधि को छोड़कर, कांग्रेस 2003 से मध्यप्रदेश में सत्ता से बाहर है।
भाषा ब्रजेन्द्र रंजन
रंजन
1602 2359 भंडारा