तेलंगाना में मुस्लिम 'स्ट्रीट वेंडर' का यूट्यूबर्स ने उत्पीड़न किया
रंजन
- 17 Feb 2026, 12:55 AM
- Updated: 12:55 AM
हैदराबाद, 16 फरवरी (भाषा) तेलंगाना के मुलुगु जिले के मेडाराम में हाल ही में आयोजित द्विवार्षिक मेगा आदिवासी उत्सव के दौरान 'यूट्यूबर्स' के एक समूह द्वारा एक मुस्लिम 'स्ट्रीट वेंडर' (विक्रेता) का कथित तौर पर उत्पीड़न किया और उसे अपना ही खाना खाने के लिए मजबूर किया गया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि 'यूट्यूब' चैनल से जुड़ा समूह उस कोवा पाव (दूध से बने मीठे पाव) विक्रेता से उत्पाद निर्माण तिथि और गुणवत्ता पर सवाल कर रहा है।
आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले का विक्रेता उन्हें बताता है कि वह सिर्फ एक कर्मचारी है। इसके बाद समूह विक्रेता को वही कोवा पाव खाने के लिए कहता है और उसका आधार कार्ड दिखाने की मांग करता है।
मुलुगु जिले की पुलिस ने सोमवार को कहा कि इस घटना के संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही एक अन्य वीडियो में विक्रेता के गांव के लोग उसके समर्थन में मजबूती से खड़े होकर कह रहे हैं कि वे कई वर्षों से उसका कोवा बन (पाव) खा रहे हैं।
विक्रेता वली ने बताया कि वायरल वीडियो के बाद अपना सामान (भंडार) फेंकने के कारण उसे और गांव के अन्य पाव विक्रेताओं को एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।
वली ने पत्रकारों से कहा, ''…हम इसे कहां बेच सकते हैं? कुछ लोग इसे (वीडियो) अपने मोबाइल फोन पर दिखाएंगे। इसीलिए हमने अपने भंडार को फेंक दिया।''
वली के एक रिश्तेदार भी कोवा पाव बेचकर अपना गुजारा करते हैं। रिश्तेदार ने कहा कि इस विवाद के चलते उन्होंने इस साल श्रीशैलम शिवरात्रि मेले में अपना सामान लेकर न जाने का फैसला किया है।
आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तेलुगु समाज में इस तरह के विभाजनकारी और सांप्रदायिक व्यवहार के लिए कोई जगह नहीं है।
लोकेश ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा: ''प्रिय भाई वली, मुझे बहुत दुख है कि आपको यह सब सहना पड़ा। हमेशा सद्भाव, आपसी सम्मान और भाईचारे के लिए खड़े रहने वाले हमारे तेलुगु समाज में इस तरह के विभाजनकारी और सांप्रदायिक व्यवहार के लिए कोई जगह नहीं है। मैं जल्द ही आपसे मिलूंगा और आपके मशहूर खोया बन का स्वाद चखने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।।''
इससे पहले ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने भी इस घटना की निंदा की।
उन्होंने तेलंगाना पुलिस से विक्रेता का उत्पीड़न करने वाले लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की।
भाषा यासिर रंजन
रंजन
1702 0055 हैदराबाद