बांग्लादेश का नया मंत्रिमंडल 17 फरवरी को लेगा शपथ
प्रशांत
- 15 Feb 2026, 05:52 PM
- Updated: 05:52 PM
ढाका, 15 फरवरी (भाषा) बांग्लादेश के नवनिर्वाचित संसद सदस्य मंगलवार सुबह शपथ लेंगे और इसके बाद शाम को मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह होगा। स्थानीय मीडिया की खबर में यह जानकारी दी गई है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) एएमएम नासिर उद्दीन सुबह 10 बजे नव निर्वाचित संसद सदस्यों को शपथ दिला सकते हैं, जबकि राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन शाम चार बजे बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) अध्यक्ष तारिक रहमान के नये मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे।
निर्वाचन आयोग (ईसी) के अनुसार, बीएनपी ने 297 में से 209 सीट जीतीं, जबकि दक्षिणपंथी जमात-ए-इस्लामी को 68 सीट पर जीत मिलीं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।
कानून, न्याय एवं संसदीय मामलों के सलाहकार आसिफ नजरुल के हवाले से खबर में कहा गया है, ''संभवत मौजूदा परिस्थितियों में शपथ मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) द्वारा दिलाई जाएगी।''
रहमान की बीएनपी ने बृहस्पतिवार को हुए ऐतिहासिक संसदीय चुनावों में दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ शानदार जीत हासिल की।
बीएनपी नेता अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस की जगह प्रधानमंत्री बनने वाले हैं।
नजरुल के हवाले से 'बीडीन्यूज24' की खबर में कहा गया है कि बीएनपी ने अधिकारियों को सूचित किया है कि शपथ ग्रहण के तुरंत बाद वह अपने संसदीय दल के नेता का चुनाव करेगी।
बंगभवन (राष्ट्रपति भवन) के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया, ''हमें सूचित किया गया है कि राष्ट्रपति मंगलवार को जातीय संसद परिसर में (नए मंत्रिमंडल को) पद की शपथ दिलाएंगे।''
बीएनपी के शनिवार को एक बयान के अनुसार बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कई अन्य क्षेत्रीय नेताओं को 17 फरवरी नये मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
संविधान की तीसरी अनुसूची के अनुसार, निवर्तमान संसद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की अनुपस्थिति में मुख्य निर्वाचन आयुक्त इस पद के लिए तीसरा विकल्प होता है।
'बीडीन्यूज24' की खबर के अनुसार एक अन्य घटनाक्रम में, छात्र नेतृत्व वाली नेशनल सिटीजन पार्टी (एनसीपी) पार्टी की ओर से एक समानांतर मंत्रिमंडल बनाने की तैयारी चल रही है। यह जानकारी पार्टी के प्रवक्ता एवं पूर्व अंतरिम सरकार के सलाहकार आसिफ महमूद शोजिब भुइयां ने दी है।
भाषा
देवेंद्र प्रशांत
प्रशांत
1502 1752 ढाका