उत्तराखंड : भाजपा की बैठक में नड्डा ने विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री धामी की पीठ थपथपाई
रवि कांत
- 14 Feb 2026, 08:54 PM
- Updated: 08:54 PM
देहरादून, 14 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तराखंड इकाई की कोर कमेटी की शनिवार को यहां एक बैठक संपन्न हुई।
बैठक में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पीठ थपथपाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसने का आह्वान किया।
देहरादून के निकट जौलीग्रांट में हुई बैठक के बाद पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने संगठन और सरकार के मध्य बेहतर समन्वय से प्रदेश में विकास कार्यों की उपलब्धियों के लिए धामी सरकार की सराहना की।
भट्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार से सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, नैनीताल के सांसद अजय भट्ट, टिहरी के सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, कल्पना सैनी, प्रदेश पार्टी महामंत्री, संगठन, अजेय कुमार सहित अन्य महत्वपूर्ण नेता मौजूद रहे।
भट्ट ने कहा, ''बैठक में संगठन के कार्यक्रमों और सरकार के कामों की विस्तार से समीक्षात्मक चर्चा की गई जिसमें नड्डा ने संगठन और सरकार की तारीफ करते हुए सभी से आगामी चुनाव को लेकर कमर कसने का आह्वान किया।''
उन्होंने कहा कि नड्डा द्वारा रणनीतिक मार्गदर्शन दिया गया कि ''कैसे पार्टी को एकजुटता से काम करते हुए आगामी विधानसभा चुनावों में पहले से भी बड़ी जीत हासिल करनी है''।
भट्ट ने बताया कि बैठक में प्रमुख रूप से तीन बिंदुओं पर चर्चा हुई जिसमें सरकार और संगठन के समन्वय को अधिक बेहतर करते हुए जन-जन तक अपनी सरकार की उपलब्धियां पहुंचाना तथा विधानसभा चुनाव की दृष्टि से मंडल स्तर पर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन करना और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देना शामिल है।
उन्होंने बताया कि बैठक में यह भी तय किया गया है कि 17 फरवरी को संगठन और मुख्यमंत्री की बैठक आयोजित की जाएगी जबकि 23 मार्च को प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर डेढ़ से दो लाख की संख्या वाली एक रैली आयोजित की जाएगी जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी या गृहमंत्री अमित शाह से शामिल होने का अनुरोध किया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 17 फरवरी से ही कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण की शुरुआत भी की जाएगी जिसके तहत विभिन्न स्तरों पर कार्यशालाएं आयोजित होंगी।
भाषा
दीप्ति
रवि कांत
1402 2054 देहरादून