तेलंगाना निकाय चुनाव: मतों की गिनती शुरू
सिम्मी
- 13 Feb 2026, 08:24 AM
- Updated: 08:24 AM
हैदराबाद, 13 फरवरी (भाषा) तेलंगाना में 116 नगर पालिकाओं और सात नगर निगमों के चुनाव के लिए 11 फरवरी को डाले गए मतों की गिनती शुक्रवार सुबह शुरू हुई।
मतगणना राज्य भर के 123 केंद्रों पर सुबह आठ बजे शुरू हुई।
राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के बीच त्रिकोणीय मुकाबले का परिणाम इन सभी दलों के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे मतदाताओं के बीच उनकी लोकप्रियता का पता चलेगा।
मतों की गिनती में समय लगने की संभावना है क्योंकि मतदान के दौरान मतपत्रों का इस्तेमाल किया गया था। डाक मतपत्रों की गिनती सबसे पहले शुरू की गई।
मतगणना प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो, इसके लिए व्यापक सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बी. शिवधर रेड्डी ने कहा है कि मतगणना के लिए व्यापक और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतगणना केंद्रों पर लगभग 12,000 पुलिस कर्मियों और त्वरित प्रतिक्रिया टीम को तैनात किया गया है।
मतगणना केंद्रों और उनके आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
मतगणना कक्ष के भीतर केवल मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक, उम्मीदवार और उनके चुनाव एवं मतगणना एजेंट ही मौजूद रहेंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने कहा कि सभी मतगणना केंद्रों और 'स्ट्रांग रूम' के बाहर 'वेबकास्टिंग' की जाएगी।
चुनाव में 73 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने 12 फरवरी को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेताओं राहुल गांधी एवं के सी वेणुगोपाल से मुलाकात की और उन्हें बताया कि कांग्रेस को शहरी चुनावों में अच्छे परिणाम मिलेंगे।
भाजपा नेता और केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने उम्मीद जतायी कि कांग्रेस द्वारा कथित तौर पर सत्ता के दुरुपयोग और धन वितरण के बावजूद भाजपा प्रभावशाली परिणाम हासिल करेगी।
कांग्रेस और पहले दो कार्यकाल तक राज्य पर शासन कर चुकी बीआरएस, दोनों के विश्वसनीय विकल्प के रूप में उभरने की उम्मीद में भाजपा ने निकाय चुनाव में जोरदार प्रचार किया।
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद, बीआरएस ने ग्राम पंचायत चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया और वह राज्य में नगर निगम चुनाव में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करना चाहती है।
भाषा अमित सिम्मी
सिम्मी
1302 0824 हैदराबाद