बेलगावी हवाई अड्डे के नजदीक 50 साल पुराना विमान अपर्याप्त ईंधन के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुआ: सरकार
नरेश
- 08 Feb 2026, 09:29 PM
- Updated: 09:29 PM
नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) कर्नाटक के बेलगावी हवाई अड्डे के नजदीक रेडबर्ड विमान उड़ान प्रशिक्षण अकादमी का 50 साल से अधिक पुराना सेसना 172 प्रशिक्षण विमान रविवार को ईंधन की कमी के कारण आपातकालीन लैंडिंग करने पर मजबूर हुआ था। हालांकि, दोनों पायलट सुरक्षित हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
कलबुर्गी से बेलगावी जा रहा विमान वीटी-ईयूसी विजयपुरा के पास एक खुले मैदान में दुर्घटनाग्रस्त हो गया और यह स्थान बेलगावी हवाई अड्डे से लगभग 50 से 70 किलोमीटर दूर है।
सूत्रों ने बताया कि विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर तीन टुकड़ों में टूट गया, जिसमें एक विमान प्रशिक्षक और एक प्रशिक्षु पायलट सवार थे।
मंत्रालय ने रविवार शाम को जारी बयान में कहा कि आपात स्थिति में उतरने की स्थिति ''विमान में ईंधन की कमी की आशंका के कारण'' उत्पन्न हुई। विमान का निर्माण 1975 में हुआ था।
बयान के मुताबिक रेडबर्ड के साथ विमान का पंजीकरण प्रमाण पत्र 23 मई, 2023 को और उड़ान योग्यता प्रमाण पत्र 20 सितंबर, 2023 को जारी किया गया था।
मंत्रालय के अनुसार, विमान का उड़ान योग्यता समीक्षा प्रमाणपत्र (एआरसी)एक अगस्त, 2025 को जारी किया गया था और यह तीन अगस्त, 2026 तक वैध था। एआरसी किसी विशेष विमान का निरीक्षण करने के बाद जारी किया जाता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह उड़ान भरने के योग्य है।
विमान की कमान संभाल रहे पायलट के पास 734 घंटे का उड़ान अनुभव था।
रेडबर्ड विमान उड़ान प्रशिक्षण अकादमी के बेड़े में 48 विमान हैं और इसे उड़ान प्रशिक्षण संगठन (एफटीओ) से मिली मंजूरी 22 जुलाई, 2030 तक वैध है।
बयान के अनुसार, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 23 जुलाई, 2020 को अकादमी को एफटीओ के रूप में मंजूरी दी थी।
मंत्रालय ने कहा कि ''डीजीसीए/एएआईबी (वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो) द्वारा आगे की जांच की जाएगी''।
इस बीच, दुर्घटना में घायल हुए पायलट में रेडबर्ड एविएशन के सहायक उड़ान प्रशिक्षक (एएफआई) कैप्टन कुणाल मल्होत्रा और प्रशिक्षु पायलट गौतम शंकर पी आर शामिल हैं।
रेडबर्ड विमान उड़ान प्रशिक्षण अकादमी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि दुर्घटना के बाद पायलटों की चिकित्सा जांच की गई और दोनों सुरक्षित हैं।
भाषा धीरज नरेश
नरेश
0802 2129 दिल्ली