शाह ने जम्मू में सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की; सेना प्रमुख और शीर्ष अधिकारी उपस्थित रहे
दिलीप
- 06 Feb 2026, 08:25 PM
- Updated: 08:25 PM
(फोटो सहित)
जम्मू, छह फरवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर की मौजूदा सुरक्षा स्थिति के आकलन के लिए शुक्रवार को यहां सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में समीक्षा बैठक की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब आतंकवाद रोधी अभियान तेज कर दिए गए हैं, जिसके परिणामस्वरूप पिछले दो हफ्तों में जम्मू क्षेत्र के कठुआ, उधमपुर और किश्तवाड़ जिलों में लगभग एक दर्जन मुठभेड़ों के बाद जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) से जुड़े पाकिस्तानी मूल के चार आतंकवादियों को मार गिराया गया।
केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में एक महीने के भीतर यह दूसरी सुरक्षा समीक्षा बैठक है। आठ जनवरी को शाह ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा पर दिल्ली में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और आतंकी ढांचे और वित्तपोषण को निशाना बनाते हुए आतंकवाद रोधी अभियानों को "मिशन मोड" में जारी रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर को जल्द से जल्द "आतंकवाद मुक्त" बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
अधिकारियों ने बताया कि सेना प्रमुख के अलावा, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा, जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल पी के मिश्रा, जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात मौजूद थे।
खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन डेका, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक प्रवीण कुमार, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक जी पी सिंह और अन्य वरिष्ठ सैन्य, पुलिस, नागरिक और खुफिया अधिकारी लोक भवन में हुई बैठक में उपस्थित थे।
अधिकारियों ने बताया कि शाह के कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर से लौटने के तुरंत बाद बैठक शुरू हुई। हीरानगर सेक्टर में उन्होंने सीमा चौकियों का दौरा किया और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि बैठक में आतंकवाद रोधी अभियानों और घुसपैठ रोधी ग्रिड की समीक्षा किए जाने के साथ सीमा पार से ड्रोन गतिविधियों का मुकाबला करने के लिए उठाए गए कदमों पर भी विचार-विमर्श होना था, क्योंकि खुफिया रिपोर्ट से पता चला है कि आतंकवादी भारत में घुसपैठ की ताक में हैं।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप
0602 2025 जम्मू