उत्तर प्रदेश दवा क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार: योगी आदित्यनाथ
अजय
- 03 Feb 2026, 05:54 PM
- Updated: 05:54 PM
लखनऊ, तीन फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि राज्य दवा क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है।
योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को यहां वैश्विक निवेशकों एवं उद्यमियों के आयोजन उत्तर प्रदेश दवा सम्मेलन - एक' की शुरुआत की। इस मौके पर केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने प्रतिभागियों को ऑनलाइन संबोधित किया।
योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के व्यापक संसाधन और संभावनाओं को गिनाते हुए कहा, ''हमारे पास राष्ट्रीय स्तर की चार प्रयोगशालाएं मौजूद हैं। तमाम केन्द्र पहले से मौजूद हैं और उत्तर प्रदेश दवा क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है। सबसे बड़ा कार्यबल भी राज्य में मिल सकता है।''
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की अपराध के प्रति 'जीरो-टॉलरेंस' नीति के कारण राज्य दंगों, जबरन वसूली और अराजकता के केंद्र से बदलकर निवेश के लिए एक सुरक्षित और आकर्षक जगह बन गया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब 'बीमारू' राज्य नहीं रहा, बल्कि एक ऐसा राज्य बन गया है जहां कानून का राज है और कोई राजनीतिक दखल नहीं है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रति आभार प्रकट करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बजट सत्र के कारण वह सीधे कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाए, लेकिन उन्होंने अपना शुभकामना संदेश दिया है, जिसके लिए हम उनके आभारी हैं।
योगी ने निवेशकों के मन में उम्मीद जगाते हुए कहा कि हम आपके स्वागत के लिए तैयार हैं।
ललितपुर में शुरू की गई एक परियोजना का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, ''यह कहावत है कि ललितपुर को न छोडियो। वहां पहले फार्मा के लिए भूमि आवंटित की और अब कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ रही है।''
चिकित्सा उपकरण पार्क के लिए सरकार के प्रयासों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा के जेवर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा इसी माह प्रधानमंत्री देश को समर्पित करेंगे और इसके निकट 300 एकड़ क्षेत्र में चिकित्सा उपकरण पार्क की स्थापना की जा रही है।
योगी ने कहा कि आईआईटी कानपुर के साथ मिलकर 'मेडटेक सेंटर' 1,200 करोड़ रुपये की लागत और राज्य सरकार के सहयोग से विकसित हो रहा है। एसजीपीजीआई भी दूसरे सेंटर के रूप में विकसित हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राज्य में मजबूत आधारभूत ढांचा है। देश के 55 प्रतिशत एक्सप्रेस वे उत्तर प्रदेश में हैं। राज्य का हर जिला मुख्यालय चार लेन और तहसील मुख्यालय चार लेन या दो लेन से जुड़ा है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ''हम प्रधानमंत्री व अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आभारी हैं, जिन्होंने भारत पर शुल्क को कम किया है।''
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत अपनी नीतियों पर अडिग था, और इसका परिणाम है 'सत्यमेव जयते'। यह पहले भी हुआ है और आगे भी होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विकसित भारत और बढ़ते भारत की यात्रा का प्रमाण है, जहां भारत एक जिम्मेदार और भरोसेमंद वैश्विक साझेदार के रूप में अपनी भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने आगाह भी किया कि भारत की इस बढ़ती ताकत से कुछ लोग सशंकित भी हैं, इसलिए देश को विश्वसनीय सहयोगियों के साथ आगे बढ़ते हुए सतर्कता और विवेक के साथ कार्य करना होगा।
बयान के अनुसार, उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव-एक के दौरान राज्य के फार्मास्युटिकल क्षेत्र में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से जुड़े समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर सहमति बनी है, जिसमें औषधि, चिकित्सा उपकरण एवं संबंधित क्षेत्रों में 5,525 करोड़ रुपये के 11 एमओयू का आज मंच पर औपचारिक आदान-प्रदान किया गया।
इससे पहले उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उत्तर प्रदेश के आधारभूत ढांचे के विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि कारोबारी सुगमता में हमने बड़ी छलांग लगाई है। उन्होंने उद्यमियों को भरोसा दिया कि आप लोग जो दवा बनाएंगे उसका सबसे बेहतर और व्यापक उपयोग उत्तर प्रदेश में होगा।
भाषा आनन्द रवि कांत अजय
अजय
0302 1754 लखनऊ