तमिलनाडु: अपराधी को ले जा रही पुलिस गाड़ी पर फेंके गए देसी बम, तीन पुलिसकर्मी घायल
माधव
- 24 Jan 2026, 08:42 PM
- Updated: 08:42 PM
पेरंबलूर, 24 जनवरी (भाषा) तमिलनाडु के पेरंबलूर में शनिवार को चेन्नई-त्रिची राष्ट्रीय राजमार्ग पर थिरुमंधुराई टोल प्लाजा के पास अज्ञात हमलावरों ने पुलिस की सुरक्षा में चल रहे एक वाहन पर देसी बम फेंके। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हमलावरों का मकसद वाहन में सवार एक आपराधिक रिकॉर्ड वाले अपराधी पर हमला करना था।
पुलिस के मुताबिक, विस्फोट और उसके बाद मची अफरा-तफरी में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
यह हमला मदुरै के कुख्यात आपराधिक इतिहास वाले अपराधी 'वेल्लाई' काली को निशाना बनाकर किया गया था, जिस पर नौ हत्याओं सहित 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
प्रारंभिक खबरों के अनुसार, जैसे ही पुलिस वैन पेरंबलूर जिले की सीमा के पास पहुंची, दो कारों में सवार एक गिरोह ने वाहन को रोका और कई देसी बम फेंके।
पुलिस ने बताया कि हमलावरों का मकसद पुलिस सुरक्षा घेरे को तोड़कर कर अपराधी तक पहुंचना था।
पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में और कैदी को भगाने या उसकी हत्या को रोकने के लिए कथित तौर पर वाहनों पर गोलियां चलाईं, जिससे हमलावर मौके से भागने पर मजबूर हो गए।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हमलावर चेन्नई की ओर भाग गए।
उन्होंने बताया कि घायलों को तत्काल पेरंबलूर सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस द्वारा सफलतापूर्वक बचाए जाने के बाद 'वेल्लाई' काली को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।
विपक्ष के नेता पलानीस्वामी ने 'एक्स' पर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार की निंदा की।
उन्होंने कहा कि जहां मुख्यमंत्री एमके स्टालिन राज्य विधानसभा में अपनी पीठ थपथपा रहे थे, वहीं राज्य का सुरक्षा तंत्र सड़कों पर चकनाचूर हो गया था।
पलानीस्वामी ने आरोप लगाया कि मौजूदा प्रशासन के तहत अपराधी अब पुलिस से नहीं डरते।
उन्होंने पोस्ट में कहा, "ऐसी स्थिति बनी हुई है, जहां अपराधों से निपटने वाली पुलिस या इस सरकार का कोई डर नहीं है। कानून-व्यवस्था का मजाक उड़ाया जा रहा है और मुझे नहीं पता कि मुख्यमंत्री स्टालिन जो लापरवाही से प्रशासन चला रहे हैं, इस घटना के लिए किसे दोषी ठहराएंगे।"
भाषा जितेंद्र माधव
माधव
2401 2042 पेरंबलूर