ओडिशा में अपराह्न तीन बजे तक 52.91 प्रतिशत मतदान
जोहेब माधव
- 13 May 2024, 04:22 PM
- Updated: 04:22 PM
भुवनेश्वर, 13 मई (भाषा) ओडिशा में चार लोकसभा और 28 विधानसभा सीट पर सोमवार को अपराह्न तीन बजे तक 52.91 प्रतिशत मतदान हो चुका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बेरहामपुर, कोरापुट, नवरंगपुर और कालाहांडी लोकसभा सीट तथा 28 विधानसभा क्षेत्रों में बने 7,303 केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ।
ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ हो रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि अपराह्न तीन बजे तक 62.87 लाख से अधिक पात्र मतदाताओं में से लगभग 52.91 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
उन्होंने बताया कि आदिवासी बहुल कालाहांडी लोकसभा सीट पर सबसे अधिक 58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इसके अलावा नवरंगपुर सीट पर 55.69 प्रतिशत, कोरापुट सीट पर 53.08 प्रतिशत और बेरहामपुर सीट पर 44.65 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
पुलिस ने बताया कि किसी भी मतदान केंद्र पर अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एन.बी. धल ने बताया कि कई जगहों पर ईवीएम में खराबी की सूचना मिली और उन्हें 30 मिनट के अंदर बदल दिया गया।
उन्होंने बताया कि अब तक 65 बैलेट यूनिट (बीयू), 83 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 110 वीवीपैट को बदला गया है। अधिकतर यूनिट को सुबह सात बजे वास्तविक मतदान से पहले, अभ्यास के दौरान ही बदल दिया गया था।
धल ने बताया कि लोगों में काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि एक समय माओवादियों का गढ़ कहे जाने वाले मलकानगिरि के स्वाभिमान अंचल में मतदान सुचारू रूप से जारी है।
उन्होंने बताया कि कोरापुट लोकसभा सीट के तहत पोट्टंगी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोटिया क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान किया। उन्होंने कहा कि मॉडल बूथ, महिला बूथ और दिव्यांगजनों के लिए बनाए गए बूथ भी सुचारू रूप से काम कर रहे हैं।
सीईओ ने बताया कि निर्वाचन आयोग को स्थानीय मुद्दों को लेकर कई जगहों से चुनाव बहिष्कार की सूचना मिली है और उन्होंने लोगों से अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की है।
कोरापुट लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सप्तगिरी उल्का, बेरहामपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार प्रदीप पाणिग्रही, कालाहांडी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मालविका केशरी देव, नवरंगपुर लोकसभा सीट से बीजू जनता दल (बीजद) के उम्मीदवार प्रदीप माझी, भाजपा उम्मीदवार बलभद्र माझी, कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद बाहिनीपति, कांग्रेस नेता भक्त चरणदास और अन्य वरिष्ठ नेता शुरुआत में मतदान करने वाले मतदाताओं में शामिल रहे।
इसी बीच, निर्वाचन आयोग (ईसी) ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर दो मतदान अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। सीईओ धल ने बताया कि कालाहांडी जिले के नरला विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान अधिकारी और गंजाम जिले के चिकिती विधानसभा क्षेत्र के एक अन्य मतदान अधिकारी को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
भाषा जोहेब