एनआईए ने प्रवीण नेट्टारू हत्याकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
राजकुमार रंजन
- 10 May 2024, 09:47 PM
- Updated: 09:47 PM
हा (परिवर्तित डेटलाइन से)
नयी दिल्ली, 10 मई (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने भाजपा कार्यकर्ता प्रवीण नेट्टारू की नृशंस हत्या के सिलसिले में शुक्रवार को एक प्रमुख भगोड़े को उसके साथी के साथ पकड़ा। यह भगोड़ा आरोपी प्रतिबंधित ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई)’ से जुड़ा है। एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गयी है।
कर्नाटक में दक्षिण कन्नड़ जिले के बेलारे गांव में 26 जुलाई, 2022 को दो हमलावरों ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो-भाजपा की युवा शाखा) के नेता नेट्टारू की हत्या कर दी थी। दोनों हमलावर मोटरसाइकिल से आये थे।
एनआईए द्वारा जारी किये गये बयान के अनुसार मुस्तफा पाइचर इस मामले में गिरफ्तार किया जाने वाला दूसरा फरार आरोपी है जिसके सिर पर सात लाख रुपये का इनाम था । उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया था।
एनआईए ने चार अगस्त, 2022 को इस मामले की जांच अपने हाथों में ली थी और उसने जनवरी 2023 को 21 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। उनमें आठ इस अपराध के बाद फरार हो गये थे।
एनआईए ने बयान में बताया कि फरार आरोपियों के खिलाफ उसने तलाश अभियान शुरू किया था और वह शुक्रवार को कर्नाटक के हासन जिले के अनेमहल गांव में पाइचर को ढूढने में कामयाब रही।
एनआईए ने कहा, ‘‘ पाइचर को मंसूर पाशा के साथ गिरफ्तार किया गया। पाशा ने पाइचर को शरण दी थी।’’
एनआईए जांच में खुलासा हुआ है कि पाइचर दक्षिण कन्नड के सुलिया का निवासी है और वह पीएफआई की पुत्तुर जिला सेवा टीम का सचिव था।
एनआईए ने कहा, ‘‘ वह इलाके के फ्रीडम कम्युनिटी हॉल में पीएफआई कार्यकर्ताओं को हथियारों का प्रशिक्षण देने में शामिल था ताकि उन्हें आतंकवादी हमलों के लिए तैयार किया जा सके।’’
एनआईए ने कहा कि पाइचर अन्य आरोपी के साथ हिंदू नेताओं को निशाना बनाने एवं उनकी जान लेने की बड़ी साजिश का हिस्सा था।
उसने कहा कि उसने (पाइचर ने) इस मकसद के लिए पीएफआई सदस्यों का एक ‘प्रहार सेवा दल’ भी बनाया था।
एनआईए ने कहा, ‘‘ यह उसी का निर्देश था कि प्रहार दल ने सरेआम धारदार हथियार से प्रवीण नेट्टारू पर हमला कर उसकी जान ले ली।’’
बयान में कहा गया है कि एनआईए जांच में पता चला कि इस हमले का मकसद समाज में एक वर्ग के लोगों में आतंक पैदा करना था।
बयान में कगया है, ‘‘ जुलाई, 2022 में की गयी भाजपा नेता प्रवीण नेट्टारू की नृशंस हत्या के सिलसिले में एनआईए ने राज्य में अन्य संबंधित एजेंसियों की मदद से शुक्रवार को एक मुख्य भगोडे को उसके आश्रयदाता के साथ पकड़ा जो प्रतिबंधित प्रतिबंधित पोपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया से जुड़ा था।’’
बयान के अनुसार अन्य भगोड़ों की धरपकड़ के लिए जांच जारी है।
भाषा राजकुमार