असम के पत्रकार ने पूर्व आईएएस अधिकारी पर खबर को लेकर धमकाने का आरोप लगाया
शफीक सुरेश
- 22 Nov 2025, 09:35 PM
- Updated: 09:35 PM
गुवाहाटी, 22 नवंबर (भाषा) गुवाहाटी स्थित एक सैटेलाइट चैनल के पत्रकार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने एक पूर्व नौकरशाह पर हाल में प्रसारित एक समाचार को लेकर उन्हें और उनके परिवार को धमकाने का आरोप लगाया है।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि पत्रकार राणा डेका और सेवानिवृत्त अधिकारी ‘‘जाहिर तौर पर पुराने दोस्त हैं और संभावना है कि वे जल्द ही सुलह कर लेंगे।’’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री की ‘साधारण प्रतिक्रिया’ की आलोचना की और कहा कि ऐसा रवैया अस्वीकार्य है।
पत्रकार राणा डेका ने शुक्रवार को बजाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में दावा किया कि सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ने बक्सा जेल के बाहर की स्थिति से जुड़ी खबर प्रसारित होने पर उन्हें फोन पर अपशब्द कहे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
गायक जुबिन गर्ग की मौत के मामले में आरोपी पांच लोग बक्सा जेल में बंद हैं और पिछले महीने जब उन्हें जेल लाया गया था, उस समय वहां हिंसा भड़क गई थी।
पूर्व नौकरशाह के बेटे असम पुलिस सेवा (एपीएस) के अधिकारी हैं और वर्तमान में बक्सा में तैनात हैं तथा स्थिति नियंत्रित करने के लिए जेल के बाहर ड्यूटी पर थे। वह शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करते हुए कैमरे में रिकॉर्ड हुए थे।
डेका ने आरोप लगाया कि पूर्व आईएएस अधिकारी ने उनसे कहा कि वह प्रसारित वीडियो को ‘‘छेड़छाड़ वाला’’ बताएं और ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पत्रकार ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व आईएएस अधिकारी ने उनके आठ-वर्षीय बेटे को नुकसान पहुंचाने की धमकी तक दी। पत्रकार ने टेलीफोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सौंपी है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू की गई है।
इस बीच, शर्मा ने एक कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘जहां तक मुझे समझ आया है, वे पहले से ही एक-दूसरे के करीबी थे। वे पुराने दोस्तों जैसे लग रहे थे। ऐसा लगता है कि दोनों जल्द ही सुलह कर लेंगे और फिर से दोस्त बन जाएंगे।’’
कांग्रेस नेता गोगोई ने मुख्यमंत्री पर मामले को ‘‘हल्का’’ बनाने का आरोप लगाया।
गोगोई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं आठ साल के बच्चे और पत्रकार राणा डेका को जान से मारने की धमकी मिलने पर मुख्यमंत्री की साधारण प्रतिक्रिया की कड़ी निंदा करता हूं। पत्रकार अपने छोटे बच्चे को धमकी मिलने की बात सुनकर साफ तौर पर डर गये थे, फिर भी मुख्यमंत्री ने इसे हल्के में लिया।’’
भाषा शफीक