मादक पदार्थों की तस्करी के लिए कूरियर सेवाओं का दुरुपयोग न हो : जम्मू के जिलाधिकारी
तान्या प्रशांत
- 01 Nov 2025, 04:17 PM
- Updated: 04:17 PM
जम्मू, एक नवंबर (भाषा) कूरियर सेवाओं के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से जम्मू प्रशासन ने जिले में कूरियर और लॉजिस्टिक नेटवर्क के माध्यम से मादक और मन:प्रभावी पदार्थों (एनडीपीएस) के परिवहन पर कड़ी पाबंदियां लगा दी हैं।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 और एनडीपीएस अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत शक्तियों का उपयोग करते हुए, आदेश जम्मू में किसी भी कूरियर कंपनी, पार्सल सेवा या लॉजिस्टिक्स ऑपरेटर को एनडीपीएस नियमों और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स अधिनियम के तहत वैध परिवहन परमिट के बिना नशीले पदार्थों या अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को स्वीकार करने, बुकिंग करने या परिवहन करने से रोकता है।
जम्मू के जिला मजिस्ट्रेट राकेश मिन्हास ने कहा कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और आठ सप्ताह तक लागू रहेगा, तथा इसे आगे बढ़ाया या संशोधित किया जा सकता है।
मिन्हास ने शुक्रवार को जारी दो पृष्ठ के आदेश में कहा, "इस आदेश का कोई भी उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत कानूनी परिणामों को आकर्षित करेगा।"
मिन्हास ने सेवा प्रदाताओं से कहा कि वे प्रेषकों और प्राप्तकर्ताओं की पहचान और प्रमाण-पत्रों का सत्यापन करें, जिसमें सरकार द्वारा जारी वैध पहचान-पत्र शामिल हो, तथा बुकिंग रसीदों और बुकिंग की तारीख सहित माल का पूरा रिकार्ड रखें।
उन्हें प्रत्येक खेप के लिए प्राप्त भुगतान के तरीके और लेन-देन के विवरण का रिकॉर्ड रखने और यह सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है कि कूरियर सेवाओं में लगे सभी कर्मचारियों का स्थानीय पुलिस द्वारा विधिवत सत्यापन किया जाए। आदेश में कहा गया है कि सत्यापित कर्मचारियों का एक अद्यतन रजिस्टर भी बनाए रखना होगा।
मालिकों को निर्देश दिया गया कि वे कर्मचारियों को संदिग्ध माल की पहचान करने और पुलिस को सूचना देने के लिए प्रशिक्षण और जागरूकता प्रदान करें।
आदेश में कहा गया है, "इस आदेश का उल्लंघन करने वाली कोई भी कूरियर कंपनी/एजेंसी व्यक्तिगत और कानूनी रूप से जिम्मेदार होगी।"
साथ ही, जम्मू के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है।
भाषा तान्या