उद्धव का आरोप, सरकार किसानों को मौत के मुंह में धकेल रही है; तत्काल कृषि ऋण माफी की मांग
रंजन नेत्रपाल
- 31 Oct 2025, 07:41 PM
- Updated: 07:41 PM
मुंबई, 31 अक्टूबर (भाषा) शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को महाराष्ट्र सरकार पर किसानों को ‘‘मौत के मुंह में’’ धकेलने का आरोप लगाया और जल्द से जल्द कृषि ऋण माफी की मांग की।
प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके ठाकरे ने एक बयान में कहा कि किसान चाहते हैं कि उनकी क्षतिग्रस्त कृषि भूमि को फिर से खेती के योग्य बनाया जाए, लेकिन सरकार इस बारे में कुछ नहीं कर रही है।
सितंबर में महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, खासकर मराठवाड़ा में भारी बारिश और उसके बाद आई बाढ़ के कारण बड़े पैमाने पर फसल बर्बाद हो गईं और उनकी कृषि भूमि की उपजाऊ मिट्टी बह गई।
ठाकरे ने कहा, ‘‘सरकार किसानों को मौत के मुंह में धकेल रही है। उसे किसानों को धोखा देने का खेल बंद करना चाहिए और तत्काल कृषि ऋण माफ करना चाहिए।’’
वह बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें उन्होंने कहा था कि कृषि ऋण माफी पर फैसला अगले साल 30 जून तक लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक और प्रहार जनशक्ति पार्टी (पीजेपी) के नेता बच्चू कडू के साथ बैठक के बाद यह घोषणा की, जो कृषि ऋण माफी के लिए बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हैं।
फडणवीस ने यह भी कहा कि उनके प्रमुख आर्थिक सलाहकार प्रवीण परदेशी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है, जो किसानों को बार-बार कर्ज के जाल से मुक्त करने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक उपायों की सिफारिश करेगी।
ठाकरे ने कहा कि विदर्भ, मराठवाड़ा और उत्तरी महाराष्ट्र में किसानों द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबरें आ रही हैं।
उन्होंने पूछा, ‘‘क्या सरकार जून तक इंतज़ार करेगी और किसानों की आत्महत्या की ज़िम्मेदारी लेगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘किसान पूरी तरह से बर्बाद हो चुके हैं। क्या कर्ज माफी का कोई सही समय हो सकता है। फिर भी सरकार कर्ज माफी की घोषणा करने में टालमटोल कर रही है।’’
ठाकरे ने कहा कि सरकार ने किसानों को बहकाकर जून तक का समय ले लिया है।
उन्होंने पूछा, ‘‘परदेशी समिति किस तरह का अध्ययन करेगी। अगर अगले जून में कर्ज़ माफ हो जाएगा, तो इस साल के कर्ज़ का क्या होगा। क्या किसानों को रबी की फ़सल के लिए कर्ज़ मिलेगा।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने हज़ारों करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की है, लेकिन किसानों के खातों में कितना पैसा जमा हुआ है, यह सवाल है।
भाषा रंजन
रंजन