ईरानी-अमेरिकी महिला पत्रकार की हत्या की साजिश के मामले में फैसला सुनाएगी अमेरिका की संघीय अदालत
एपी जोहेब मनीषा
- 29 Oct 2025, 12:02 PM
- Updated: 12:02 PM
न्यूयॉर्क, 29 अक्टूबर (एपी) अमेरिका के ब्रुकलिन में ईरानी-अमेरिकी पत्रकार मसीह अलीनेजाद की हत्या करने की साजिश से जुड़े मामले में मैनहैटन की एक संघीय अदालत बुधवार को फैसला सुनाएगी।
इससे पहले अभियोजकों ने इस मामले में दो कथित रूसी माफिया सदस्यों को सजा सुनाने जा रहे न्यायाधीश को बताया कि हत्या की साजिश सफल होने वाली थी।
अभियोजक बुधवार को अदालत से आरोपियों रफत अमीरोव (46) और पोलाद ओमारोव (41) को 55 साल की कैद की सजा सुनाने की मांग कर रहे हैं।
अभियोजकों ने कहा कि ईरान का निवासी अमीरोव और जार्जिया का रहने वाला ओमारोव रूसी माफिया के लिए काम करते थे।
अमीरोव के वकीलों का कहना है कि उसे 13 साल से अधिक जेल की सजा नहीं होनी चाहिए, जबकि ओमारोव के वकीलों ने 10 साल की सजा सुनाने का अनुरोध किया।
दोनों व्यक्तियों को लेखिका, कार्यकर्ता व वॉयस ऑफ अमेरिका की सहयोगी अलीनेजाद और भाड़े के एक हत्यारे की गवाही के आधार पर मार्च में दो सप्ताह चले मुकदमे में दोषी ठहराया गया था।
अलीनेजाद ने मंगलवार को अपने समर्थकों को संदेश में कहा कि वह अदालत में मौजूद रहेंगी ताकि उन लोगों का सामना कर सकें जिन्हें अभियोजक रूसी माफिया के एक गुट ‘गुलीची’ के उच्च-स्तरीय सदस्य बताते हैं।
उन्होंने कहा कि यह गुट अमेरिका और दूसरे देशों में हत्याओं, हमलों, वसूली, अपहरण, डकैतियों और आगजनी जैसी घटनाओं में शामिल रहा है।
अलीनेजाद कहा, “उन्हें उनके किए की सजा मिलेगी।”
अलीनेजाद (49) ने ऑनलाइन अभियानों का नेतृत्व किया था, जिनमें उन्होंने ईरान की महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर सिर ढकने के फरमान के विरोध में अपने बाल दिखाते हुए वीडियो बनाने के लिए प्रोत्साहित किया था।
अभियोजकों ने कहा कि 2020 और 2021 में ईरानी खुफिया अधिकारियों ने अमेरिका में अलीनेजाद का अपहरण कर उन्हें ईरान ले जाने की योजना बनाई थी ताकि उन्हें चुप कराया जा सके।
अभियोजकों के अनुसार, अलीनेजाद को डराने, बदनाम करने और परेशान करने के प्रयास विफल होने के बाद ईरान ने जुलाई 2022 में उनकी हत्या के लिए पांच लाख अमेरिकी डॉलर की पेशकश की थी।
अभियोजकों ने कहा कि साजिश "सफल होने वाली थी", लेकिन सौभाग्य से उस समय अलीनेजाद शहर से बाहर थीं।
उन्होंने कहा कि भाड़े के एक हमलावर ने लगातार उनका पता लगाने की कोशिश की और "अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों की तत्परता और दृढ़ता के कारण समय रहते साजिश का पता लगाकर उसे विफल कर दिया गया।"
एपी जोहेब