प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस का घोषणापत्र नहीं पढ़ा है : फारूक अब्दुल्ला
रवि कांत िंधीरज
- 06 May 2024, 08:03 PM
- Updated: 08:03 PM
श्रीनगर, छह मई (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणापत्र नहीं पढ़ा है क्योंकि उसके चुनावी दस्तावेज में ऐसा कुछ भी नहीं है जिसका दावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता कर रहे हैं।
मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा था कि उसके घोषणापत्र में मुस्लिम लीग की छाप है। प्रधानमंत्री ने 'संपत्ति पुनर्वितरण' के मुद्दे पर विवाद के बीच कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा की 'विरासत कर' टिप्पणियों पर भी विपक्षी दल की बार-बार आलोचना की है।
फारूक अब्दुल्ला ने पुलवामा में एक चुनावी सभा में शामिल होने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि उन्होंने (प्रधानमंत्री मोदी ने) कांग्रेस का घोषणापत्र पढ़ा है। इसमें कभी भी ऐसा कुछ नहीं कहा गया है, जिसका दावा प्रधानमंत्री और उनकी पार्टी कर रही है। कृपया, ईश्वर के लिए मैं उनसे विनती करता हूं कि घोषणापत्र पढ़ें। तब आपको पता चलेगा कि वास्तव में उसमें क्या लिखा हुआ है।’’
पाकिस्तानी नेता चौधरी फवाद हुसैन द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना और राहुल गांधी की प्रशंसा करने के बारे में पूछे जाने पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय स्वतंत्र लोग हैं और अपने निर्णय स्वयं लेते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ पाकिस्तान, भारत को अपनी जेब में नहीं रखता है। भारत एक स्वतंत्र देश है और भारतीय स्वतंत्र लोग हैं। वे दूसरों के कहे पर नहीं चलते, चाहे वह अमेरिका हो, रूस हो या पाकिस्तान। हम स्वयं अपने निर्णय लेते हैं।’’
फारूक अब्दुल्ला ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा, ‘‘संघ परिवार कभी भी स्वतंत्रता संग्राम में शामिल नहीं हुआ है। ऐसा नहीं है कि मैं ये बात आज कह रहा हूं। ये बात संसद में कही गई है। जब लोग आजादी के लिए लड़ रहे थे तो उन्होंने अंग्रेजों का साथ दिया। यह रिकॉर्ड पर है, फारूक अब्दुल्ला ने खुद नहीं कहा है।’’
अब्दुल्ला ने स्वीकार किया कि विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन को लद्दाख लोकसभा सीट पर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन साथ ही यह स्पष्ट भी किया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस विपक्षी गठबंधन के आधिकारिक उम्मीदवार का समर्थन करेगी।
भाषा रवि कांत िं