धमकियों से नहीं रुकेगा वैश्विक अयप्पा संगमम : विजयन ने भाजपा से कहा
गोला सुरेश
- 27 Aug 2025, 03:27 PM
- Updated: 03:27 PM
तिरुवनंतपुरम, 27 अगस्त (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘‘धमकियां’’ वैश्विक अयप्पा संगमम को निर्धारित योजना के अनुसार आयोजित होने से नहीं रोक पाएंगी।
मुख्यमंत्री भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर की हालिया टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर विजयन और तमिलनाडु के उनके समकक्ष एम के स्टालिन हिंदुओं का कथित तौर पर 'अपमान' करने के लिए उनसे माफी नहीं मांगते हैं, तो पार्टी इस कार्यक्रम में उनके शामिल होने का ‘‘विरोध’’ करेगी।
चंद्रशेखर ने यह भी मांग की थी कि केरल सरकार सबरीमला स्थित भगवान अयप्पा मंदिर में महिलाओं के प्रवेश का विरोध करने वालों के खिलाफ दर्ज मामले वापस ले।
मुख्यमंत्री ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह कार्यक्रम त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) द्वारा अपनी 75वीं वर्षगांठ समारोह के तहत आयोजित किया जाना है और राज्य सरकार इसके लिए हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है।
माकपा नेता ने कहा, ‘‘यह कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं है, इसलिए इसे सुचारू रूप से होने दें। इसके अलावा, इसके बारे में धमकियां देने की कोई जरूरत नहीं है। इससे कार्यक्रम नहीं रुकेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘राजीव चंद्रशेखर केरल के हालात से वाकिफ नहीं हैं, शायद इसीलिए उन्होंने धमकी भरे लहजे में बात की।’’
विजयन ने कहा कि सरकार ने मंदिर में महिलाओं के प्रवेश में बाधा डालने की कोशिश करने वालों के खिलाफ दर्ज मामलों के संबंध में पहले ही निर्णय ले लिया है।
उन्होंने कहा कि उनके (भाजपा के) अनुरोध पर हिंसा से संबंधित मामलों को छोड़कर अधिकांश मामले वापस ले लिये गए हैं।
भाजपा की केरल इकाई ने चुनाव से कुछ महीने पहले इन आयोजनों को ‘‘नाटक’’ और ‘‘लोगों को मूर्ख बनाने’’ की रणनीति का हिस्सा बताया है। केरल में अप्रैल-मई 2026 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
वहीं, विपक्षी दल कांग्रेस ने इस कार्यक्रम को 2024 के चुनाव में हार के कारण ‘‘बहुसंख्यक सांप्रदायिकता का तुष्टीकरण’’ बताया था।
वैश्विक अयप्पा संगमम का आयोजन त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) द्वारा केरल सरकार के सहयोग से 20 सितंबर को पम्पा में किया जा रहा है।
भाषा
गोला