चोपड़ा, साबले की अनुपस्थिति में श्रीशंकर, कुजूर, अनु राष्ट्रीय अंतर-राज्य में बिखेरेंगे चमक
आनन्द मोना
- 19 Aug 2025, 06:48 PM
- Updated: 06:48 PM
चेन्नई, 19 अगस्त (भाषा) लंबी कूद के खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर, फर्राटा धावक अनिमेश कुजूर और भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी जैसे अनुभवी एथलीट बुधवार से शुरू होने वाली राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेंगे।
इस पांच दिवसीय चैंपियनशिप का आयोजन यहां के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा। इससे भारतीय खिलाड़ियों के पास विश्व चैंपियनशिप में जगह बनाने का अंतिम मौका मिलेगा। तोक्यो में 13 से 21 सितंबर तक होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए ज्यादातर स्पर्धाओं की क्वालिफिकेशन की अंतिम तिथि 24 अगस्त है।
इस आयोजन में हालांकि दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा, स्टीपलचेज धावक अविनाश साबले और पारुल चौधरी, बाधा धाविका ज्योति याराजी और कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक लंबी दूरी के धावक गुलबीर सिंह भाग नहीं लेंगे।
चोपड़ा अपने विश्व चैंपियनशिप खिताब का बचाव करने की तैयारी में विदेश में अभ्यास और प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। उन्होंने 28 अगस्त को ज्यूरिख में होने वाले डायमंड लीग फाइनल के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
साबले चोट के कारण पूरे सत्र से बाहर है जबकि ज्योति, पारुल और गुलवीर विश्व चैंपियनशिप का टिकट पक्का करने के बाद विदेश में अभ्यास कर रहे हैं।
श्रीशंकर चोट के वापसी के बाद शानदार लय में है लेकिन लंबे समय तक खेल से दूर रहने के कारण उन्हें रेस टू तोक्यो रैंकिंग नहीं मिली है। ऐसे में उन्हें विश्व चैंपियनशिप का टिकट पक्का करने के लिए 8.27 मीटर की बाधा को पार करनी होगी।
मौजूदा सत्र में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8.13 मीटर का रहा है।
ओडिशा के धावक कुजूर के नाम 100 मीटर (10.18 सेकंड) और 200 मीटर (20.32 मीटर) का राष्ट्रीय रिकॉर्ड है और वह विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने की दौड़ में है।
वह यहां सिर्फ 200 मीटर में चुनौती पेश करेंगे। वह इसमें रोड टू तोक्यो रैंकिंग में 42वें स्थान पर है। शीर्ष 48 स्थान वाले खिलाड़ी विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करेंगे।
अनु रानी भी रोड टू तोक्यो रैंकिंग में 28वें स्थान पर है। भाला फेंक में शीर्ष 36 खिलाड़ी तोक्यो के लिए क्वालीफाई करेंगे। 32 साल की एशियाई खेलों की यह चैंपियन पिछले कुछ आयोजनों में 60 मीटर की दूरी तय कर रही है।
चोपड़ा और किशोर जेना की अनुपस्थिति के बावजूद, पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में कई युवा खिलाड़ी देखने को मिलेंगे, जिन्होंने पहले ही 80 मीटर का आंकड़ा पार कर लिया है। इनमें सचिन यादव, रोहित यादव, यशवीर सिंह, साहिल सिलवाल, विक्रांत मलिक और शिवम लोहकारे शामिल हैं।
पुरुषों की त्रिकूद स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक प्रवीण चित्रावल और अब्दुल्ला अबू बकर के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा होने की उम्मीद है, जबकि गोला फेंक खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर अपनी लय को फिर से हासिल करने की उम्मीद करेंगे।
चित्रावल ने विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
भाषा आनन्द