वीरेंद्र कंवर भारतीय वॉलीबॉल महासंघ के अध्यक्ष बने
आनन्द मोना
- 07 Jun 2025, 08:44 PM
- Updated: 08:44 PM
नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश के वीरेंद्र कंवर शनिवार को भारतीय वॉलीबॉल महासंघ (वीएफआई) के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने लंबे समय से प्रतीक्षित चुनावों में यहां नगालैंड के प्रेम सिंह बाजोर को मात्र दो वोट से हराया।
इन चुनावों में अंतरिम निकाय का भी चयन किया गया।
कंवर को 33 मत मिले जो बाजोर से दो ज्यादा थे। तीसरे उम्मीदवार बिहार के आनंद शंकर को एक भी मत नहीं मिला।
यह चुनाव फरवरी 2024 में ही होने थे लेकिन दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश पर अब हुए है।
यहां जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘‘ न्यायालय के आदेश के अनुसार चुनाव से संबंधित याचिकाओं पर निर्णय होने तक यह एक अंतरिम निकाय है। इसके अलावा महासंघ द्वारा आवश्यक संशोधन लाए जाने के बाद फिर से चुनाव कराए जाएंगे। महासंघ को इससे जुड़े घटनाक्रम पर न्यायालय को समय पर जानकारी देनी होगी।’’
नव-निर्वाचित निकाय को अब महासंघ को खेल संहिता के अनुरूप बनाना होगा। उन्हें एथलीट आयोग का गठन करना होगा और खेल मंत्रालय तथा भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) द्वारा सुझाए गए रोडमैप के अनुसार आवश्यक संशोधन लाने होंगे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर ने कहा, ‘‘न्यायालय के निर्देशों के अनुसार हम खेल संहिता के तहत सभी आवश्यक अनुपालन को लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। हम जल्द ही महत्वपूर्ण निर्णय लेने के साथ पारदर्शी और जवाबदेह महासंघ बनाने के लिए वार्षिक आम बैठक बुलाएंगे।’’
रोहित राजपाल, स्टीफन बॉक (एफआईवीबी प्रतिनिधि) और हितेश मल्होत्रा (एफआईवीबी सशक्तिकरण प्रमुख) की तीन सदस्यीय समिति चुनाव से पहले जिम्मेदारी संभाल रही तदर्थ समिति के काम को आगे बढ़ाने के लिए निर्वाचित निकाय का साथ देगी।
राजपाल उस तदर्थ पैनल के अध्यक्ष भी थे जिसने लगभग 14 महीने तक वीएफआई के मामलों का संचालन किया था।
राजस्थान के रामानंद चौधरी 33 वोट पाकर नए महासचिव बने, उन्होंने महाराष्ट्र के नीलेश जगताप को चार वोटों से हराया।
तेलंगाना के एन वी हनमनाथ और असम के सुशांत विश्वा 36-36 मतों के साथ उपाध्यक्ष चुने गये जबकि हरि सिंह चौहान (मध्य प्रदेश) ने कोषाध्यक्ष पद का चुनाव जीता।
आनंद शंकर और कुलदीप वत्स ने दो संयुक्त सचिव पदों पर जीत हासिल की।
बिनॉय जोश, मिथलेश कुमार, उत्तम राज, एस रामदास और पार्थ दास को कार्यकारी समिति के सदस्य के रूप में चुना गया।
इन चुनावों से पहले रोहित राजपाल की अगुवाई वाली तदर्थ समिति महासंघ का कामकाज देख रही थी।
न्यायालय द्वारा नियुक्त निर्वाचन अधिकारी न्यायमूर्ति पी. कृष्ण भट (सेवानिवृत्त) ने मतदान कराया। इस दौरान खेल मंत्रालय, भारतीय ओलंपिक संघ और अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल महासंघ (एफआईवीबी) के प्रतिनिधि भी पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित थे।
भाषा
आनन्द