भाजपा विरासत कर मामले में कांग्रेस के इरादों को कामयाब नहीं होने देगी : पाटिल
आशीष अविनाश
- 25 Apr 2024, 07:13 PM
- Updated: 07:13 PM
अहमदाबाद, 25 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गुजरात इकाई के अध्यक्ष सी आर पाटिल ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस को लोगों को लूटने की आदत है, लेकिन सत्तारूढ़ दल लोगों की संपत्ति छीनने और उन्हें एक खास समुदाय में बांटने के पार्टी के इरादों को कभी सफल नहीं होने देगा।
पाटिल विरासत कर के संबंध में कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा की टिप्पणी को लेकर पार्टी पर निशाना साध रहे थे। पित्रोदा ने धन के पुनर्वितरण के मुद्दे पर चर्चा करते हुए अमेरिका के विरासत कर के बारे में बात की थी।
पाटिल ने गांधीनगर में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘पित्रोदा ने लोगों की मेहनत की कमाई का 55 प्रतिशत हिस्सा छीनने और किसे देने का सुझाव दिया? पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने एक बार कहा था कि हमारे देश के संसाधनों पर अल्पसंख्यकों का पहला अधिकार है...और स्पष्टता करते हुए उन्होंने कहा था कि मुसलमानों का पहला अधिकार है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने हाल में इसी तरह की टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस सरकार सर्वेक्षण के बाद लोगों की संपत्ति छीन लेगी और इसे दूसरों को वितरित कर देगी।’’
भाजपा नेता ने कहा कि हिंदुओं को कम बच्चे पैदा करके और अनावश्यक खर्च कम करके पैसे बचाने की आदत है ताकि अगली पीढ़ी आरामदायक जीवन जी सके।
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन, राहुल गांधी इस संपत्ति को बांटना चाहते हैं। किसको देना चाहते हैं? घुसपैठियों को और कई बच्चे पैदा करके देश पर बोझ डालने वालों को। देश इसे बर्दाश्त नहीं कर सकता।’’
पाटिल ने कहा कि कांग्रेस से जुड़े लोग परेशान हैं क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रणाली लाने और बिचौलियों द्वारा धन की हेराफेरी रोकने के बाद उन्हें कुछ नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘अब वोट पाने के लिए कांग्रेस ऐसे विचार पेश कर रही है। लेकिन, भाजपा उन्हें सफल नहीं होने देगी।’’
उन्होंने विपक्षी दल पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘भाजपा कांग्रेस के इरादों को कामयाब नहीं होने देगी। हम कांग्रेस को सिर्फ एक खास समुदाय को खुश करने के लिए लोगों पर कर लगाने की इजाजत नहीं देंगे। इससे साबित हो गया है कि कांग्रेस के इरादे अच्छे नहीं हैं।’’
भाषा आशीष