कांग्रेस लोगों से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया का उपयोग कर रही : सुप्रिया श्रीनेत
सुभाष माधव
- 23 Apr 2024, 04:42 PM
- Updated: 04:42 PM
(सुष्मिता गोस्वामी)
गुवाहाटी, 23 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने दावा किया है कि सोशल मीडिया ने उनकी पार्टी को लोगों से जुड़ने में मदद की है क्योंकि मुख्य धारा की मीडिया इसे नजरअंदाज कर रही है।
कांग्रेस की सोशल मीडिया और डिजिटल मंच प्रकोष्ठ की प्रमुख श्रीनेत ने कहा कि पार्टी भारत की विविधता को ध्यान में रखते हुए कई क्षेत्रीय भाषाओं में अधिक से अधिक सामग्री तैयार कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी की लोगों से संपर्क साधने की दर भाजपा से अधिक है।
श्रीनेत ने यहां पीटीआई-भाषा से एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘सोशल मीडिया पर भाजपा की तुलना में कांग्रेस कहीं अधिक तेजी से लोगों से जुड़ रही है। भाजपा की तुलना में हमारे वास्तविक फॉलोअर की संख्या अब भी कम रहने के बावजूद हमारी पहुंच अधिक लोगों तक है।’’
उन्होंने कहा कि मुख्य धारा की मीडिया ने कांग्रेस नजरअंदाज करने का विकल्प चुना है।
इस बारे में पूछे जाने पर कि कांग्रेस लोगों से संपर्क साधने के लिए सोशल मीडिया का किस तरह से उपयोग कर रही है, उन्होंने कहा, ‘‘रणनीति सामान्य है। हम जमीन पर जैसा करते हैं वैसा ही दिखाते हैं। मुझे नहीं लगता कि सोशल मीडिया और राजनीति दो अलग-अलग चीजें हैं, बल्कि वे एक-दूसरे की पूरक हैं।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोशल मीडिया रणनीति व्यापक रूप से चार बिंदुओं पर आधारित है, ‘‘केवल सच्चाई के साथ सामने आना और झूठी खबरों का सहारा नहीं लेना, तेजी से संपर्क साधना, विमर्श को शालीन और जमीनी मुद्दों से जुड़ा रखना, और वीडियो को प्राथमिकता देते हुए प्लेटफॉर्म आधारित सामग्री तैयार करना।’’
श्रीनेत ने दावा किया कि मुद्दे क्षेत्रवार तरीके से चुने जा रहे हैं क्योंकि ये जगह-जगह अलग होते हैं और पार्टी का जोर, जहां तक संभव हो, क्षेत्रीय भाषाओं में सामग्री तैयार करने पर है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम क्षेत्रीय भाषाओं में काफी कुछ कर रहे हैं। यह भारत की विविधता को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। यहां सार यह है कि हम भाषा या विचार के वर्चस्व में यकीन नहीं रखते।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे नेतृत्व की सोशल मीडिया पर काफी उपस्थिति है, वह (राहुल गांधी) सोशल मीडिया को बखूबी समझते हैं, वह उनसे (लोगों से) बात करते हैं, वह कार से वीडियो बनाते हैं और ये हमारे लिए फायदेमंद हैं।’’
प्रतिद्वंद्वी दलों एवं नेताओं को ‘ट्रोल’ (सोशल मीडिया पर मजाक उड़ाने वालों) द्वारा बदनाम किये जाने पर, श्रीनेत ने कहा, ‘‘ट्रोल एक समस्या है। काश! हमारी राज्यव्यवस्था परिपक्व होती, हमारा राजनीतिक विमर्श परिपक्व होता।’’
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा ने फर्जी खबरों को बढ़ावा दिया है और दुष्प्रचार के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल करती है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो का प्रसार करने, आधा सच और पूरा झूठ फैलाने और विशेष रूप से महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने में शामिल रही है।’’
पत्रकार से राजनीतिक नेता बनी श्रीनेत ने कहा, ‘‘मुझे लगातार धमकियां दिया जाना इस बात को लेकर नहीं हैं कि वे मेरे तर्क का खंडन करना चाहते हैं। यह हमेशा आपत्तिजनक, मेरे परिवार, मेरी बेटी को धमकाने वाला होता है।’’
उन्होंने ‘ट्रोल’ को नियंत्रित करने और सोशल मीडिया मंचों के दुरूपयोग को रोकने में इनके मालिकों की महत्वपूर्ण भूमिका होने का उल्लेख किया।
भाषा सुभाष