ट्रंप ने चीन पर शुल्क को घटाकर 80 प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा
एपी पाण्डेय प्रेम
- 09 May 2025, 08:22 PM
- Updated: 08:22 PM
वाशिंगटन, नौ मई (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर लगे ऊंचे सीमा शुल्क को घटाकर 80 प्रतिशत करने का शुक्रवार को प्रस्ताव रखा। इसे दोनों देशों के बीच छिड़े व्यापार युद्ध को शांत करने वाले कदम के रूप में देखा जा रहा है।
दोनों देशों के बीच सप्ताहांत में होने वाली बैठक से पहले शुल्क में कटौती का यह कदम उठाया गया है।
ट्रंप ने शुक्रवार की सुबह अपने सोशल मीडिया खाते पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, ''चीन पर 80 प्रतिशत का सीमा शुल्क सही लगता है!''
उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर जिनेवा में चीन के अपने समकक्षों से मिलेंगे।
अमेरिकी के शीर्ष अधिकारी इस सप्ताह के अंत में चीन के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक करने वाले हैं। व्यापार युद्ध शुरू होने के बाद दोनों देशों के बीच यह पहली बड़ी वार्ता होगी।
आयात पर उच्च शुल्क लगाने के ट्रंप के फैसले के बाद चीन ने भी जवाबी कदम उठाए और दोनों देशों के बीच व्यापार युद्ध जैसी स्थिति बन गई।
ट्रंप के शुल्क लगाने के बाद अप्रैल में चीन ने भी जवाब में अमेरिका पर शुल्क लगाने की घोषणा की थी। अब चीन के खिलाफ अमेरिका का शुल्क 145 प्रतिशत है जबकि अमेरिका पर चीन ने 125 प्रतिशत शुल्क लगा रखा है।
इसके साथ ही ट्रंप ने चीन से अपने बाजार को अमेरिकी उत्पादों के लिए खोलने का अनुरोध भी किया। उन्होंने कहा, "ऐसा करना उनके लिए काफी अच्छा होगा। बंद बाजार अब काम नहीं करते हैं।"
चीन से आयात पर सीमा शुल्क घटाने का फैसला अमेरिका में उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों व आपूर्ति पर शुल्क के प्रभाव को लेकर बढ़ती चिंता के बीच किया गया है।
अमेरिका के व्यापार युद्ध से दुनिया के सबसे बड़े निर्यातक और दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन को सर्वाधिक नुकसान हुआ है।
ट्रंप की इस घोषणा से उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों और आपूर्ति पर शुल्क के प्रभाव को लेकर अमेरिकी बाजार की बढ़ती चिंता का संकेत मिलता है।
इससे पहले चीन ने कहा था कि वह शुल्क कम करने के लिए वार्ता संबंधी अमेरिकी प्रस्तावों पर विचार कर रहा है। यह कदम संभवतः दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच शुल्क युद्ध को कम कर सकता है।
एपी पाण्डेय