कोलकाता होटल अग्निकांडः शादी समारोह में मची अफरा-तफरी
राखी पवनेश
- 30 Apr 2025, 10:35 PM
- Updated: 10:35 PM
कोलकाता, 30 अप्रैल (भाषा) कोलकाता के बुर्राबाज़ार स्थित एक होटल में लगी अचानक आग से पड़ोस के 'आर्य समाज धर्मशाला' में चल रही शादी समारोह की खुशियों पर भी ग्रहण लग गया। होटल में लगी आग के बाद बड़ा बाजार क्षेत्र में मदन मोहन बर्मन स्ट्रीट पर स्थित समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और इस दौरान यहां भोजन भी अधूरा छोड़ देना पड़ा।
धर्मशाला से कुछ मीटर दूर स्थित होटल ‘ऋतुराज’ में मंगलवार रात आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए।
धर्मशाला के हरन सरदार ने बताया, ''समारोह स्थल पर महिलाओं और बच्चों समेत 150-200 मेहमान थे। आग की लपटें और धुंआ देखकर वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। ''
उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिक चिंता आग को धर्मशाला भवन तक फैलने से रोकना और मेहमानों को बाहर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना था।
सरदार ने पीटीआई-भाषा को बताया, "धर्मशाला के अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर लाइटें बंद कर दी हैं और मेहमानों की आवाजाही में मदद के लिए केवल एक लाइट जलाए रखी।"
उन्होंने बताया कि धर्मशाला प्रबंधन ने तब राहत की सांस ली जब दूल्हा-दुल्हन सहित सभी मेहमान आधी रात के आसपास यहां से सुरक्षित चले गए।
उन्होंने कहा कि इस दौरान हमने देखा कि होटल की छत से कुछ लोग अपने मोबाइल की टॉर्च जलाकर जमीन पर खड़े लोगों से मदद मांग रहे थे।
अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने सीढ़ियों और रस्सियों की मदद से उनमें से कुछ को नीचे उतारा और धर्मशाला ने उन्हें पीने का पानी मुहैया कराया। भोर होते ही होटल से निकाले गए मेहमान वहां से चले गए।
स्थानीय युवक मयंक गुप्ता ने बताया कि उन्होंने खुद तीसरी मंज़िल तक जाकर चार से पांच लोगों को बचाया।
होटल के एक कर्मचारी की मौत ऊपरी मंजिल से कूदने से हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दमकल आने से पहले लोग मोबाइल की रोशनी से मदद मांग रहे थे।
दुर्घटनास्थल के सामने स्थित एक चाय की दुकान के कर्मचारी रवि साव ने बताया कि वह यह देखकर भयभीत हो गए कि उनके मित्र मनोज पासवान (होटल कर्मचारी) ने ऊपरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।
ओडिशा के रहने वाले साउ ने कहा, "मैं बहुत दुखी हूं। हालांकि, शुक्र है कि करीब 30 अन्य होटल कर्मचारियों ने मदद आने तक इंतजार किया। उनमें से कुछ अस्पताल में हैं।"
भाषा
राखी