राजस्थान की 12 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी, दोपहर तक 33.73 प्रतिशत वोट पड़े
पृथ्वी नरेश
- 19 Apr 2024, 02:00 PM
- Updated: 02:00 PM
जयपुर, 19 अप्रैल (भाषा) राजस्थान में लोकसभा की 25 में से 12 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान हो रहा है जहां दोपहर एक बजे तक 33.73 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
निर्वाचन विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और चाक चौबंद तैयारियों के बीच मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और पहले छह घंटे में लगभग 33.73 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।
राजस्थान में लोकसभा की कुल 25 सीटें हैं। इनमें से पहले चरण में चूरू, नागौर, गंगानगर, झुंझुनू, बीकानेर, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर और दौसा में मतदान हो रहा है।
एक अधिकारी के अनुसार, "12 लोकसभा क्षेत्रों में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा।"
विभिन्न नेताओं व अधिकारियों ने अपने अपने इलाकों में वोट डाला। राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित अन्य नेताओं ने इस दौरान वोट डाला। राज्यपाल मिश्र और उनकी पत्नी सत्यवती मिश्र ने सी स्कीम के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। मतदान के बाद मिश्र ने कहा कि मतदान भारत के हर पात्र नागरिक का संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है और इसी से लोकतंत्र सशक्त होता है।
मुख्यमंत्री शर्मा भी पत्नी के साथ जगतपुरा के मतदान केंद्र पर पहुंचे व वोट डाला। बाद में वह गोविन्ददेव जी मंदिर गए और पूजा की । उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भी जयपुर शहर के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला।
केंद्रीय मंत्री व बीकानेर से उम्मीदवार अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर के एक मतदान केंद्र पर परिवार के साथ मतदान किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने जयपुर के गांधी नगर के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उत्कल रंजन साहू ने भी जयपुर शहर के एक मतदान केंद्र पर अपनी पत्नी अनीता साहू के साथ मतदान किया।
मतदान को लेकर, विशेषकर नए मतदाताओं में उत्साह दिखा। जयपुर शहर में अनेक जगह मतदाता वोट डालने के बाद सेल्फी लेते नजर आए। अनेक मतदान केंद्रों में विशेष सजावट की गई है। निर्वाचन विभाग ने राज्य स्तर पर बेस्ट सेल्फी अवार्ड देने, व्यापारिक संगठनों के सहयोग से मतदाताओं को स्क्रेच कार्ड और स्याही लगी उंगली दिखाने पर विभिन्न उत्पादों एवं सेवाओं पर छूट सहित कई पहल की हैं।
मतदान शांतिपूर्वक कराने के लिए व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। डीजीपी साहू ने बताया कि राजस्थान पुलिस ने भय-मुक्त वातावरण में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पहले चरण वाले सभी 12 निर्वाचन क्षेत्रों में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजस्थान पुलिस के साथ ही केन्द्रीय सशस्त्र बलों की कंपनियां और होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि राज्य में लोकसभा चुनाव के पहले व दूसरे चरण के लिए राजस्थान पुलिस के अधिकारी और जवानों (प्रथम चरण करीब 75,000 एवं द्वितीय चरण में करीब 85,000) के साथ ही केंद्रीय सशस्त्र बल और विशेष सशस्त्र बल की 175 कंपनियां, राजस्थान शहरी- ग्रामीण होमगार्ड के 18 हजार 400 तथा बॉर्डर होमगार्ड के 1600 जवान तैनात किए गए हैं।
पहले चरण में 12 निर्वाचन क्षेत्रों में 14 पुलिस जिलों के तहत 23 हजार 651 मतदान केन्द्र और 719 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता के अनुसार शुक्रवार को पहले चरण में कुल 2.54 करोड़ मतदाता मतदान के पात्र हैं। पहले चरण की 12 सीटों पर 114 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
भाषा पृथ्वी