लोकसभा चुनाव की शुरुआत के साथ सोशल मीडिया पर मीम की बाढ़
आशीष नरेश
- 19 Apr 2024, 04:32 PM
- Updated: 04:32 PM
(कुणाल दत्त)
नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (भाषा) सात चरण वाले लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान की शुरुआत के साथ सोशल मीडिया पर मीम की बाढ़ आ गई। निर्वाचन आयोग मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए जबकि राजनीतिक दल एक दूसरे पर निशाना साधने के लिए मीम का जमकर इस्तेमाल कर रहे हैं।
‘इंस्टाग्राम’ से लेकर ‘एक्स’ तक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चुनाव की शुरुआत के साथ राजनीतिक बढ़त के लिए तीखा पोस्टर युद्ध और उससे भी अधिक कड़वा मीम युद्ध देखा जा रहा है।
डिजिटल जगत में इस मुकाबले के बीच, दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव आयोजित कर रहे भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं, विशेष रूप से युवा और पहली बार के मतदाताओं तक संदेश पहुंचाने के लिए मशूहर फिल्मों की चुटीली पंक्तियों या संवादों का उपयोग किया है।
निर्वाचन आयोग ने बुधवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हम लोकसभा चुनाव में मतदान के लिए उत्साहित हैं, क्या आप भी तैयार हैं?’’
निर्वाचन आयोग ने ‘साथ चलेंगे’, ‘चुनाव 2024’, ‘चुनाव का पर्व’, ‘देश का गर्व’, ‘पहली बार के मतदाता’ जैसे हैशटैग का इस्तेमाल करने के साथ ‘ये जवानी है दीवानी’ फिल्म के एक दृश्य के आधार पर एक मीम का इस्तेमाल किया जिसमें टैगलाइन है ‘पहली बार मतदान करने वालों के बीच उत्साह।’’
पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीट पर मतदान शुक्रवार सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे समाप्त होगा। पहले चरण में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, सर्बानंद सोनोवाल और भूपेन्द्र यादव, कांग्रेस के गौरव गोगोई, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की कनिमोई और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता के. के. अन्नामलाई मुकाबले में हैं।
मतदाताओं में 8.4 करोड़ पुरुष, 8.23 करोड़ महिलाएं और 11,371 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। पहले चरण में 35.67 लाख लोग पहली बार मतदाता बने हैं। इसके साथ ही 20-29 वर्ष आयु वर्ग के 3.51 करोड़ युवा मतदाता हैं।
जैसे ही चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान शुरू हुआ, निर्वाचन आयोग के ‘एक्स’ हैंडल से कई राज्यों में मतदाताओं के मतदान केंद्रों पर कतार में खड़ा होने, ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की तस्वीरें साझा की गईं। मतदान कर चुके लोगों द्वारा उंगली पर स्याही लगी तस्वीरों को भी पोस्ट किया गया।
‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में आयोग ने जनता के साथ अधिक जुड़ाव के लिए कई बार संबंधित मतदान क्षेत्र की मूल भाषाओं का भी इस्तेमाल किया।
पहले चरण के चुनाव के पूर्व निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए सिलसिलेवार कई पोस्ट के जरिए संदेश पहुंचाने का प्रयास किया। आयोग ने बृहस्पतिवार को दूरदर्शन द्वारा साझा की गई फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ पर आधारित एक मीम को भी रीपोस्ट किया। आयोग ने 2024 के चुनाव की थीम पर अमूल का एक पोस्टर भी पोस्ट किया।
पिछले कुछ दिनों में आयोग ने जागरूकता पैदा करने के लिए मीम का काफी इस्तेमाल किया है। आयोग ने 11 अप्रैल को वेब सीरीज ‘‘द फैमिली मैन’’ पर आधारित एक मजेदार मीम पोस्ट किया था।
विशेषज्ञों का कहना है कि मीम और हास्य वाले संदेश युवाओं को आकर्षित करते हैं, इसलिए इससे मतदाताओं के दिमाग पर वांछित प्रभाव पड़ सकता है क्योंकि निर्वाचन आयोग मतदान को बढ़ावा देना चाहता है।
सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी दल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बनाम इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) की लड़ाई में एक-दूसरे को मात देने के लिए ऑनलाइन माध्यम और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भरपूर इस्तेमाल किया है।
बृहस्पतिवार को, आम आदमी पार्टी ने सत्तारूढ़ सरकार पर हमला करते हुए ‘एक्स’ पर कई पोस्टर पोस्ट किए। आप ने हाल में जेल से रिहा हुए अपने नेता संजय सिंह की तस्वीर के साथ ‘एक्स’ पर एक पोस्टर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘‘जान की बाजी लगा देंगे लेकिन देश के संविधान पर आंच नहीं आने देंगे।’’
भाजपा के सोशल मीडिया हैंडल पर मुख्य रूप से ‘मोदी की गारंटी’ और 'विकास भी, विरासत भी’ जैसे नारे और तस्वीरें छाई रहीं।
बृहस्पतिवार को कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें सत्तारूढ़ भाजपा पर व्यंग्यात्मक टैगलाइन ‘बेरोजगारी बहुत है, बाकी सब ठीक है’ के साथ परोक्ष रूप से कटाक्ष किया गया। बुधवार को, कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला करते हुए एक तंजपूर्ण टैगलाइन के साथ ‘एक्स’ पर एक पोस्टर भी साझा किया।
शुक्रवार को मतदान शुरू होने के साथ सोशल मीडिया पर मीम का यह युद्ध शायद एक जून को अपने आखिरी चरण तक और चरम पर पहुंच जाएगा।
भाषा आशीष