लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा का टिकट 'पिताजी को श्रद्धांजलि' है : नीरज शेखर
सं आनन्द जितेंद्र
- 10 Apr 2024, 09:33 PM
- Updated: 09:33 PM
बलिया (उप्र) 10 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया संसदीय क्षेत्र से बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा उम्मीदवार घोषित किये जाने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा है कि भाजपा का टिकट 'पिताजी को श्रद्धांजलि' है।
भाजपा के राज्यसभा सदस्य नीरज शेखर ने लोकसभा प्रत्याशी घोषित किये जाने के बाद 'पीटीआई-भाषा' से फोन पर कहा कि 2019 लोकसभा चुनाव के समय समाजवाद पार्टी (सपा) से टिकट कटने पर वह ग्लानि से भर गए थे।
उन्होंने कहा, ''बलिया उनके परिवार की परंपरागत सीट रही है। 1977 से चन्द्रशेखर और उनके देहावसान के बाद वह चुनाव लड़ते आ रहे हैं।''
शेखर ने दोहराया, ''जब 2019 में मुझे सपा से टिकट नहीं मिला था तो मैं ग्लानि से भर गया था।''
नीरज शेखर ने कहा, ''हमने अपने राजनीतिक जीवन में पूरी कोशिश की है कि कोई ऐसा कार्य नहीं करेंगे, जिससे चंद्रशेखर के नाम पर आंच आए। भाजपा का टिकट पिताजी को श्रद्धांजलि है।''
भाजपा ने बुधवार को बलिया के मौजूदा सांसद वीरेन्द्र सिंह का टिकट काटते हुए उनकी जगह नीरज शेखर को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
बलिया लोकसभा सीट पर 1977 से (1984 छोड़कर) 2007 तक लगातार सांसद रहे पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत चंद्रशेखर का वर्ष 2007 में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव में नीरज शेखर बलिया से पहली बार समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर सांसद चुने गये। नीरज शेखर ने 2009 के आम चुनाव में अपनी सीट बरकरार रखी लेकिन 2014 में वह भाजपा के भरत सिंह से पराजित हो गये।
लोकसभा चुनाव 2019 में सपा ने नीरज शेखर के बजाए सनातन पांडेय को मौका दिया, जिन्हें भाजपा के वीरेन्द्र सिंह ने पराजित कर दिया। हालांकि नीरज शेखर को सपा ने बाद में राज्यसभा में भेजा लेकिन 2019 में सपा और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर वह भाजपा में शामिल हो गये, जिसके बाद उन्हें राज्यसभा भेजा गया।
भाजपा से टिकट मिलने पर नीरज शेखर ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''शीर्ष नेतृत्व का आत्मीय आभार। विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा द्वारा बलिया लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाने जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हृदय से धन्यवाद देता हूं।''
वहीं टिकट कटने के बाद मौजूदा सांसद वीरेन्द्र सिंह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट कर भाजपा द्वारा घोषित उम्मीदवारों को शुभकामना दी।
सिंह ने कहा, ''भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए लोकसभा प्रत्याशी के रूप में घोषित आप सभी महानुभावों को बधाई एवं प्रचंड विजय हेतु शुभकामनाएं।''
भाषा सं आनन्द