पश्चिम बंगाल: तृणमूल नेता के जन्मदिन पर स्कूल परिसर में रक्तदान शिविर लगाने से विवाद
खारी नरेश
- 02 Mar 2025, 05:21 PM
- Updated: 05:21 PM
कोलकाता, दो मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा शुरू होने से एक दिन पहले दक्षिण 24 परगना जिले में एक सरकारी स्कूल के परिसर को तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता के जन्मदिन पर रक्तदान कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए किराए पर लेने से रविवार को विवाद शुरू हो गया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसे ‘‘शर्मनाक’’ बताया।
केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में फतेहपुर श्रीनाथ संस्थान में एक पंडाल, सजे हुए गेट और सजावट की तस्वीरें साझा कीं और टिप्पणी की, ‘‘शर्मनाक! ममता बनर्जी के कार्यकाल में बंगाल में शिक्षा चरमरा गई है!’’
होर्डिंग और पोस्टर में तृणमूल की युवा शाखा के स्थानीय नेता जहांगीर खान का नाम है, जिसमें उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं और इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होने के लिए लोगों से अपील की गई।
‘पीटीआई-भाषा’ मजूमदार द्वारा साझा किए गए पंडाल की तस्वीरों और वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका है, लेकिन पश्चिम बंगाल उच्चतर माध्यमिक शिक्षा परिषद के एक अधिकारी ने बताया कि एक अन्य तस्वीर वास्तविक है जिसमें स्कूल को उच्चतर माध्यमिक परीक्षा स्थल के रूप में दिखाया गया है।
खान से संपर्क नहीं हो सका लेकिन स्कूल के एक अधिकारी ने बताया कि रक्तदान कार्यक्रम स्कूल परिसर के उस हिस्से में आयोजित किया गया था जो परीक्षाओं के लिए निर्धारित नहीं है और दो घंटे का कार्यक्रम समाप्त होते ही आयोजकों को पंडाल हटाने के लिए कहा गया है।
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री मजूमदार ने पोस्ट में कहा, ‘‘12वीं कक्षा की परीक्षाओं की पूर्व संध्या पर, दक्षिण 24 परगना जिले के फतेपुर श्रीनाथ इंस्टीट्यूशन नामक स्कूल में तृणमूल के युवा नेता का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जा रहा है, जो एक आधिकारिक परीक्षा केंद्र है। एक तरफ लाइटों की सजावट, गेट, पंडाल उत्सव माहौल दे रहे हैं जबकि सैकड़ों छात्र कल अपनी महत्वपूर्ण परीक्षाओं के लिए यहां आएंगे।’’
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘प्रशासन कहां है? प्रशासन मौन, आंखे मूंदे हुए हैं। तृणमूल के शासन में बंगाल की शिक्षा की यह स्थिति है- स्कूल अब पार्टी के कार्यालय, गुंडों के खेल के मैदान और परीक्षा केंद्र तृणमूल के ‘क्लब हाउस’ में तब्दील हो गए हैं!’’
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, ‘‘क्या ममता बनर्जी या उनके शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु के पास कोई जवाब है? या उन्होंने छात्रों का भविष्य बर्बाद करने की ठान ली है?’’
तृणमूल के एक नेता ने कहा कि वह सभी तथ्यों को जाने बिना इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
क्षेत्र के पांच स्कूलों के छात्र तीन मार्च से परीक्षा केंद्र पर अपनी परीक्षा देंगे।
पश्चिम बंगाल उच्चतर माध्यमिक शिक्षा परिषद के अधिकारी ने कहा कि परिषद को केवल इस बात की चिंता है कि छात्रों को किसी भी तरह की असुविधा के बिना केंद्र में परीक्षा संपन्न हो।
भाषा खारी