कच्चातिवू मुद्दे, ‘शक्ति’ को लेकर की गई टिप्पणी के लिए मोदी ने कांग्रेस और द्रमुक पर बोला हमला
ब्रजेन्द्र मनीषा
- 10 Apr 2024, 01:59 PM
- Updated: 01:59 PM
(तस्वीर सहित)
वेल्लोर (तमिलनाडु), 10 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कच्चातिवू मुद्दे पर बुधवार को कांग्रेस और उसकी सहयोगी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि दोनों दलों ने इस मुद्दे पर ‘देश को अंधेरे’ में रखा। ‘शक्ति’ को लेकर की गई टिप्पणी के लिए भी उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसपर महिलाओं के अपमान का आरोप लगाया।
उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर द्रमुक को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि इस मुद्दे पर ‘पहला कॉपीराइट’ सत्तारूढ़ पार्टी के पास है तथा मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के ‘परिवार’ का इरादा राज्य को ‘लूटने’ का है।
राज्य में 19 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करते हुए उन्होंने यहां एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘भ्रष्टाचार पर द्रमुक का पहला कॉपीराइट है, पूरा परिवार तमिलनाडु को लूट रहा है।’’
उन्होंने द्रमुक पर ‘एक पारिवारिक कंपनी’ होने का आरोप लगाया, जो ‘पुरानी मानसिकता’ के कारण राज्य के युवाओं की प्रगति में बाधा बन रही है।
द्रमुक पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इसके तीन मानदंड हैं- पारिवारिक राजनीति, भ्रष्टाचार और तमिल संस्कृति का विरोध।
उन्होंने कहा, ‘‘द्रमुक लोगों को भाषा, क्षेत्र, धर्म और जाति के आधार पर बांटती है। वह जानती है कि जिस दिन लोग इसे पहचान जाएंगे, उसे एक भी वोट नहीं मिलेगा। मैंने द्रमुक की दशकों पुरानी खतरनाक राजनीति का पर्दाफाश करने का फैसला किया है।’’
भाजपा पिछले कुछ सालों से तमिलनाडु की राजनीति में अपनी पैठ बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है।
कच्चातिवू मुद्दे पर कांग्रेस और द्रमुक पर फिर से निशाना साधते हुए उन्होंने पूछा कि मंत्रिमंडल की किस बैठक में इसके बारे में निर्णय लिया गया था और किसको ‘लाभ’ पहुंचाया गया था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इन सवालों के जवाब नहीं दिए हैं। वर्ष 1974 में जब कच्चातिवू द्वीप श्रीलंका को सौंपा गया था तब कांग्रेस और द्रमुक क्रमश: केंद्र और राज्य की सत्ता में थे।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि इस घटनाक्रम के बाद तमिलनाडु के मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनकी नौकाएं जब्त कर ली गईं जबकि कांग्रेस और द्रमुक ने उनके प्रति सहानुभूति का ‘दिखावा’ किया।
मोदी ने कहा कि राजग सरकार उनकी ‘स्थायी रिहाई’ सुनिश्चित कर रही है तथा श्रीलंका में पांच भारतीय मछुआरों को फांसी से बचाया भी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक, तमिलनाडु के विकास के लिए केंद्र की ओर दिए गए हजारों करोड़ रुपये में भ्रष्टाचार करती है। उन्होंने कहा, ‘‘यह बात सामने आई है कि रेत तस्करों ने तमिलनाडु को 4,600 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया है।’’
मोदी ने कहा कि द्रमुक ने तमिलनाडु में मादक पदार्थों की कथित समस्या से निपटने के बजाय, ‘युवाओं के भविष्य’ तक को ताक पर रख दिया और इससे स्कूली छात्र भी प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यह पता होना चाहिए कि एनसीबी द्वारा गिरफ्तार किया गया मादक पदार्थ तस्कर किस परिवार से जुड़ा है। तमिलनाडु के लोग जवाब मांगेंगे।’’
प्रधानमंत्री संभवत: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा पिछले महीने द्रमुक के निष्कासित पदाधिकारी जाफर सादिक को 2,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के करीब 3,500 किलोग्राम स्यूडोफेड्रइन की तस्करी में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किए जाने के संदर्भ में बोल रहे थे।
एनसीबी ने कहा है कि तमिल और हिंदी फिल्म फाइनेंसरों और कुछ ‘हाई प्रोफाइल’ लोगों के साथ सादिक के संबंध और ‘राजनीतिक फंडिंग’ के कुछ मामले जांच के दायरे में हैं।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को ‘राजकुमार’ बोलकर संबोधित करते हुए मोदी ने उनके ‘शक्ति’ वाले बयान को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी हिंदू आस्था की ‘शक्ति’ को नष्ट करने की बात करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘द्रमुक की भी यही मानसिकता है। वे सनातन धर्म की बुराई करते हैं...राम मंदिर (अयोध्या) के उद्घाटन का बहिष्कार करते हैं।’’
मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में नया संसद भवन बना और उसमें पवित्र सेंगोल (राजदंड) की स्थापना भी की गई।
उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के लोग महिलाओं का अपमान करते हैं और हर कोई जानता है कि जब अम्मा जयललिता जीवित थीं तो द्रमुक ने उनके साथ कैसा व्यवहार किया था।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा और राजग के लिए आपका आशीर्वाद सनातन शक्ति की रक्षा करेगा और महिलाओं का सम्मान सुनिश्चित करेगा।’’
मोदी ने वेल्लोर के लिए हवाई और रेल जैसे विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने काशी तमिल संगमम कार्यक्रम का उल्लेख किया और बताया कि उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में तमिल में बात की थी ताकि दुनिया को यह पता चल सके कि यह सबसे पुरानी भाषा है।
उन्होंने कहा कि 2014 में उनकी सरकार के सत्ता में आने से पहले अर्थव्यवस्था के बारे में बड़े फैसले नहीं लिए जाते थे और उन दिनों सिर्फ घोटालों की खबरें आती थीं। उन्होंने कहा, ‘‘यह तक कहा गया था कि भारतीय अर्थव्यवस्था कभी भी चरमरा सकती है।’’
मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में राजग ने विकसित भारत के लिए नींव तैयार की है और देश अब एक वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने वेल्लोर और धर्मपुरी से राजग उम्मीदवारों, क्रमश: ए.सी. षणमुगम और सौम्या अंबुमणि के अलावा भाजपा के सी. नरसिम्हन (कृष्णागिरी) और ए. अश्वत्थामन (तिरुवन्नामलाई) के लिए लोगों से वोट मांगे।
उन्होंने कहा, ''राजग के समर्थन में प्रत्येक वोट तमिलनाडु के भविष्य की गारंटी होगा।’’
मोदी ने कहा कि तमिलनाडु ने देश के अंतरिक्ष और विनिर्माण क्षेत्रों को आगे बढ़ाने में महान योगदान दिया है।
तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा। मोदी ने मंगलवार को चेन्नई में रोड शो किया था।
भाषा ब्रजेन्द्र
ब्रजेन्द्र