राजस्थान: विधानसभा के बजट सत्र को लेकर हुई सर्वदलीय बैठक
पृथ्वी जितेंद्र
- 29 Jan 2025, 06:19 PM
- Updated: 06:19 PM
जयपुर, 29 जनवरी (भाषा) राजस्थान विधानसभा के आगामी बजट सत्र से पहले बुधवार को यहां हुई सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित अन्य नेता शामिल हुए।
प्रवक्ता ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सभी दलों को सदन संचालन में सहयोगी बनने का किया आह्वान किया।
देवनानी ने कहा कि विधानसभा का यह पवित्र सदन राज्य की आठ करोड़ जनता का प्रतिनिधित्व करता है।
उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही को आम जनता देखती है और चुनकर आये जनप्रतिनिधि अपने आचरण व व्यवहार से जन आकांक्षाओं के अनुकूल आदर्श पेश करें।
देवनानी ने कहा कि विधानसभा सदन नियमों, परम्पराओं व मर्यादाओं से चलता है।
उन्होंने सभी दलों से सदन को शांतिपूर्वक चलाने में सहयोग करने और सार्थक बहस में अपनी बात समय सीमा में रखने के लिए कहा।
देवनानी ने कहा कि सदन नये कलेवर में तैयार हो गया है।
उन्होंने कहा कि बैठक में सदन में सार्थक चर्चा और राज्यपाल अभिभाषण को पक्ष और प्रतिपक्ष के सभी सदस्यों द्वारा शान्ति पूर्ण सुनने के लिए सहमति बनी।
इस सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सरकार के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, कांग्रेस विधायक दल के मुख्य सचेतक रफीक खान भी मौजूद थे।
राजस्थान की 16वीं विधानसभा का तीसरा सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल हरिभाऊ बागडे के अभिभाषण से होगी। राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर तीन, पांच और छह फरवरी को चर्चा होगी। सरकार की ओर से इसका जवाब सात फरवरी को दिया जाएगा।
वहीं आठ से 18 फरवरी तक सदन में अवकाश रहेगा और 19 फरवरी को बजट पेश किया जाएगा। आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार, मुख्यमंत्री शर्मा ने बैठक में भाग लेने के बाद विधानसभा के नये भवन का अवलोकन किया।
संसदीय कार्य मंत्री पटेल ने बैठक के बाद कहा कि सत्र के दौरान विपक्ष जिन मुद्दों को उठाएगा सरकार पूरी तत्परता से तथ्यों के साथ उसका जवाब देगी।
उन्होंने कहा, “विपक्षी साथियों से हमें अपेक्षा है की अगर वे मुद्दों को नियमानुसार उठायेंगे तो सरकार पूरा जवाब देगी।” पटेल ने कहा कि मुझे विश्वास है कि आगामी सत्र नियमों और परंपराओं के अनुसार चलेगा।
वहीं नेता प्रतिपक्ष जूली ने कहा, “हमने विधानसभा अध्यक्ष से यह भी निवेदन किया कि उनका झुकाव विपक्ष की तरफ ज्यादा होना चाहिए। विपक्ष अपनी जिम्मेदारी को समझें और इस सत्र को अच्छा व लंबा चलाने में सत्ता पक्ष सहयोग करे।”
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “इस सरकार ने पिछले एक वर्ष में जनता के हित में तो कोई काम किया नहीं है। सरकार ने कांग्रेस शासन की योजनाओं को बंद करने, उनके नाम बदलना, उनको कमजोर करने के अलावा कोई काम नहीं किया।”
भाषा पृथ्वी