कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष ने प्रदेश इकाई में गुटबाजी की तुलना कैंसर से की
राजकुमार नरेश
- 20 Jan 2025, 10:00 PM
- Updated: 10:00 PM
(फाइल फोटो के साथ)
भोपाल, 20 जनवरी (भाषा) कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश इकाई में गुटबाजी पर दुख जताते हुए इसकी तुलना ‘कैंसर’ से की तथा पार्टी कार्यकर्ताओं से इसे खत्म करने का आह्वान किया है या खत्म हो जाने की चेतावनी दी।
सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आये एक वीडियो में पटवारी का यह आहृवान/चेतावनी सामने आयी है।
यह वीडियो रविवार को धार जिले के धरमपुरी शहर में संपन्न हुई एक बैठक का है, जिसे एक कार्यक्रम के वास्ते पार्टी कार्यकर्ताओं को जुटाने के लिए आयोजित किया गया था।
यह कार्यक्रम 27 जनवरी को होगा जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी शामिल होंगी।
सोशल मीडिया पर सामने आये इस वीडियो में पटवारी को यह कहते हुए सुना जा सकता है,‘‘ कांग्रेस में कैंसर है, गुटबाजी और गुटबाजी का कैंसर। या तो गुटबाजी के इस कैंसर को खत्म करना होगा, या फिर हम खत्म हो जाएंगे। क्या किया जाना चाहिए? अगर हम गुटबाजी के कैंसर को खत्म नहीं करेंगे तो हम खत्म हो जाएंगे।’’
सत्तारूढ़ भाजपा के नेताओं ने कांग्रेस को घेरने के लिए इस बयान को लपक लिया और कहा कि पटवारी ने आखिरकार विपक्षी पार्टी के बारे में ‘सच’ बोल दिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग गुटबाजी के बारे में बात करते हैं, वे पार्टी का ‘बाप’ बनना चाहते हैं (संगठन पर अपनी मनमानी चाहते हैं)।
उन्होंने कहा कि उन्हें कांग्रेस में कोई संगठनात्मक पद संभालने में कोई दिलचस्पी नहीं है।
उन्होंने कहा,‘‘मैं पार्टी का बेटा हूं। मैं कुछ नहीं बनना चाहता। मैं (अगले राज्य चुनाव के बाद) केवल पार्टी की सरकार बनाना चाहता हूं। मुझे कोई पद नहीं चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कानाफूसी करने वाले लोग हर पार्टी में होते हैं। लेकिन अगर पार्टी के पदों पर बैठे जिम्मेदार लोग कानाफूसी करने वालों से दूर रहें तो आधी बीमारी अपने आप दूर हो जाएगी। मैंने कसम खाई है कि कानाफूसी करने वालों को अपने पास नहीं आने दूंगा।’’
जब पटवारी से बाद में इस संबंध पूछा गया तो उन्होंने कहा,‘‘अगर हमें अपने संगठन को अच्छे से चलाने के लिए गुटबाजी खत्म करनी पड़े तो हम करेंगे। हम हिम्मत से और एकता के साथ ऐसा करेंगे (गुटबाजी खत्म करेंगे)। हम इस बारे में बार-बार बात करेंगे और भाजपा की जड़ें हिलाते रहेंगे।’’
उन्होंने भाजपा सरकार पर किसानों एवं समाज के अन्य तबकों से किये अपने चुनावपूर्व वादों से मुकरने का आरोप लगाया।
वायरल वीडियो में पटवारी की टिप्पणी पर भाजपा नेता और कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने सच कहा है।
भाषा
राजकुमार